'मैं बेवकूफ थी...' जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बू की पूर्व पत्नी का बड़ा खुलासा, 15 हजार करोड़ के शेयर विवाद ने लिया नया मोड़

जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बू की पूर्व पत्नी प्रमिला श्रीनिवासन ने आरोप लगाया है कि तलाक से पहले उनकी जानकारी के बिना कंपनी के बड़े शेयर परिवार के सदस्यों को हस्तांतरित किए गए.

X
Sagar Bhardwaj

जोहो (Zoho) के सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बू और उनकी पूर्व पत्नी प्रमिला श्रीनिवासन के बीच तलाक और कंपनी की संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद गहरा गया है. प्रमिला ने फोर्ब्स को दिए एक इंटरव्यू में आरोप लगाया है कि वेम्बू ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना कंपनी में अपनी हिस्सेदारी का बड़ा हिस्सा परिवार के सदस्यों के नाम कर दिया था.

प्रमिला के मुताबिक, जब 2019 में श्रीधर वेम्बू अमेरिका छोड़कर भारत आए, तब उन्हें लगा था कि वह कंपनी के विस्तार के लिए ऐसा कर रहे हैं. उन्हें अपने वैवाहिक रिश्ते में किसी तरह की परेशानी का अंदाजा नहीं था. उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगा था कि हमारी शादी में कुछ गड़बड़ है. मुझे लगता है कि मैं बेवकूफ थी.'

अक्टूबर 2020 में WhatsApp पर मिला तलाक का संदेश

प्रमिला के मुताबिक, अक्टूबर 2020 में श्रीधर वेम्बू ने उन्हें व्हाट्सऐप पर तलाक लेने की इच्छा बताई. उस समय वेम्बू तमिलनाडु में रह रहे थे, जबकि प्रमिला अपने ऑटिज्म से प्रभावित बच्चे के साथ कैलिफोर्निया में थीं. उन्होंने कहा कि वेम्बू ने उन्हें भारत आने के लिए मनाने की कोई कोशिश नहीं की. हालांकि, वेम्बू पहले इस दावे को खारिज कर चुके हैं. उनका कहना था कि भारत आने के बाद उन्होंने प्रमिला को भी यहां आने के लिए समझाने की कोशिश की थी.


वेम्बू ने पहले बताया था कि वह अपने कर्मचारियों को बड़े शहरों से छोटे गांवों में स्थानांतरित करने और वहां कंपनी के कार्यालय स्थापित करने की योजना के तहत भारत आए थे.

2021 में तलाक की अर्जी, 2023 में हुआ फैसला

श्रीधर वेम्बू और प्रमिला की शादी 1993 में हुई थी. वेम्बू ने अगस्त 2021 में तलाक की अर्जी दाखिल की थी. कैलिफोर्निया की अदालत ने सितंबर 2023 में दोनों को कानूनी रूप से तलाक दे दिया. हालांकि, कंपनी की संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर कानूनी लड़ाई अब भी जारी है.

फोर्ब्स के मुताबिक, इस कानूनी लड़ाई में प्रमिला अब तक करीब 1.1 करोड़ डॉलर (लगभग 99 करोड़ रुपये) खर्च कर चुकी हैं. इसमें से लगभग 57.5 लाख डॉलर (करीब 51.75 करोड़ रुपये) का भुगतान वेम्बू ने किया है. जनवरी 2025 में अमेरिका की एक अदालत ने संपत्ति विवाद के बीच वेम्बू को 1.7 अरब डॉलर (करीब 15,000 करोड़ रुपये) का बॉन्ड जमा करने का आदेश भी दिया था. इस वजह से यह दुनिया के सबसे महंगे तलाक विवादों में शामिल हो गया है.

क्या है जोहो के शेयरों का पूरा विवाद?

जोहो की स्थापना 1996 में श्रीधर वेम्बू ने अपने दो भाइयों और दोस्त टोनी थॉमस के साथ मिलकर की थी. उस समय कंपनी का नाम एडवेंटनेट (AdventNet) था. 2009 में इसका नाम बदलकर जोहो कॉरपोरेशन कर दिया गया. फोर्ब्स के अनुमान के मुताबिक, जोहो की कुल कीमत करीब 6.8 अरब डॉलर है. कंपनी ने अब तक बाहरी निवेशकों से फंडिंग नहीं ली है.

प्रमिला का कहना है कि उन्हें कंपनी में शेयरों के वास्तविक बंटवारे की जानकारी तलाक का संदेश मिलने के कुछ महीने बाद हुई. उनके मुताबिक, टोनी थॉमस कुछ दस्तावेज लेकर उनके पास आए थे, जिन पर वेम्बू चाहते थे कि वह हस्ताक्षर करें.

श्रीधर वेम्बू के पास सिर्फ 5% शेयर?

भारत में उपलब्ध कंपनी की नवीनतम कॉरपोरेट फाइलिंग के मुताबिक, श्रीधर वेम्बू के पास जोहो की केवल 5 प्रतिशत हिस्सेदारी है. उनकी बहन राधा वेम्बू के पास 47.8 प्रतिशत और भाई सेकर के पास 35.2 प्रतिशत शेयर हैं. वहीं, कंपनी के सह-संस्थापक टोनी थॉमस के पास 8 प्रतिशत हिस्सेदारी है.

प्रमिला के मुताबिक, उन्हें बताया गया था कि कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 2.5 प्रतिशत है, क्योंकि वेम्बू के पास केवल 5 प्रतिशत शेयर हैं. इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि कंपनी के सह-संस्थापक और लंबे समय तक सीईओ रहे वेम्बू के पास इतनी कम हिस्सेदारी कैसे हो सकती है?

उन्होंने कहा कि वह हमेशा मानती थीं कि वेम्बू कंपनी के सबसे बड़े हिस्सेदार हैं. इसके बाद उन्होंने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया और मामले की जांच के लिए वकील नियुक्त किया.

परिवार के सदस्यों को शेयर ट्रांसफर करने का आरोप

प्रमिला ने आरोप लगाया कि वेम्बू ने कई जटिल लेनदेन के जरिए अपनी हिस्सेदारी का बड़ा हिस्सा बहन और अन्य रिश्तेदारों को हस्तांतरित कर दिया. उनका दावा है कि इन लेनदेन में वास्तविक भुगतान नहीं हुआ और इसका मकसद वैवाहिक संपत्ति को उनकी पहुंच से बाहर करना था.

कैलिफोर्निया के कानून के मुताबिक, शादी के दौरान अर्जित संपत्ति को सामान्य तौर पर पति-पत्नी की संयुक्त संपत्ति माना जाता है, भले ही वह किसी भी देश में मौजूद हो. प्रमिला का कहना है कि ऐसे में शेयरों के हस्तांतरण की जानकारी उन्हें देना जरूरी था.

हालांकि, श्रीधर वेम्बू इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुके हैं. उनका कहना है कि उन्होंने कोई वैवाहिक संपत्ति नहीं छिपाई और न ही पत्नी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए कोई लेनदेन किया.

चाचा के बयान से बढ़ा विवाद

फोर्ब्स की 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीधर वेम्बू के चाचा राम श्रीनिवासन ने एक कानूनी बयान में कहा था कि राधा वेम्बू ने उनसे बताया था कि शेयर वास्तव में उनके भाई के हैं और श्रीधर ने उन्हें अपने पास रखने के लिए कहा था. प्रमिला का मानना है कि इस बयान से संकेत मिलता है कि कंपनी पर श्रीधर वेम्बू का वास्तविक नियंत्रण और हिस्सेदारी कागजों में दिखाई देने से कहीं अधिक हो सकती है. उनका अनुमान है कि वेम्बू का प्रभावी स्वामित्व 88 प्रतिशत तक हो सकता है. अगर ऐसा है तो तलाक के बाद उनकी संपत्ति में हिस्सेदारी अरबों डॉलर तक पहुंच सकती है.

तलाक से मिलने वाली रकम ऑटिज्म रिसर्च पर करेंगी खर्च

प्रमिला ने कहा कि उन्हें लगा था कि तलाक आपसी सहमति से आसानी से हो जाएगा, लेकिन मामला लंबी और महंगी कानूनी लड़ाई में बदल गया. उन्होंने कहा कि ऐसा महसूस होता है जैसे किसी ने उनके पैरों के नीचे से जमीन खींच ली हो. वह फिलहाल कैलिफोर्निया के प्लेजेंटन स्थित उस घर में रह रही हैं, जिसे दंपति ने 2011 में 30 लाख डॉलर में खरीदा था. वेम्बू परिवार के खर्च के लिए सालाना करीब 2.8 लाख डॉलर देते हैं.

प्रमिला हेल्थकेयर सॉफ्टवेयर कंपनी चार्म हेल्थ (Charm Health) चलाती हैं. उन्होंने कहा कि तलाक के बाद उन्हें जो भी पैसा मिलेगा, वह ऑटिज्म रिसर्च के लिए बनाए गए अपने चैरिटेबल संगठन 'द ब्रेन फाउंडेशन' को देना चाहेंगी. उन्होंने बताया कि उनकी कानूनी लड़ाई से प्रेरित होकर तलाक का सामना कर रही कई महिलाएं भी उनसे सलाह लेने लगी हैं. प्रमिला का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति और संपत्ति की जानकारी रखना किसी भी व्यक्ति के लिए गलत नहीं है.