'होर्मुज अब अमेरिका का इलाका है' ट्रंप ने पोस्ट किया नक्शा, ईरान से बढ़े तनाव के बीच बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अमेरिका का नया इलाका बताते हुए सोशल मीडिया पर एक नक्शा साझा किया है. ईरान पहले ही ऐसे दावों को खारिज कर चुका है. इस बयान से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने के संकेत हैं.

social media
Kuldeep Sharma

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बयानबाजी अब एक नए स्तर पर पहुंचती दिख रही है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ट्रुथ सोशल पर एक नक्शा पोस्ट किया, जिसमें होर्मुज को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ बताया गया. इससे पहले भी ट्रंप इस समुद्री मार्ग पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा कर चुके हैं.

ट्रंप ने नक्शे के जरिए क्या कहा

ट्रंप ने अपने पोस्ट में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का ऐसा नक्शा साझा किया, जिसमें ईरान और ओमान के बीच स्थित इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को घेरकर उसके ऊपर अमेरिका का नया क्षेत्र लिखा गया था. यह पोस्ट ऐसे समय आई है जब होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से काफी बढ़ा हुआ है. ट्रंप इससे पहले संकेत दे चुके थे कि वह इस रणनीतिक जलमार्ग को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने की योजना बना रहे हैं.

पहले भी किया था नियंत्रण का दावा

ट्रंप ने पिछले सप्ताह भी होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा किया था. उन्होंने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को बेहद मजबूत बताते हुए कहा था कि ईरान इसके खिलाफ कुछ नहीं कर सकता. ट्रंप ने साथ ही ईरान की सैन्य क्षमता और आर्थिक स्थिति पर भी तीखी टिप्पणी की थी. उनके इन बयानों ने पहले से जारी तनाव को और राजनीतिक रंग दे दिया था.


ईरान ने दावों को बताया बेबुनियाद

ईरान ने ट्रंप के दावों को तुरंत खारिज किया. पर्सियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों के बयान जमीनी स्थिति नहीं बदल सकते. ईरानी पक्ष के अनुसार, होर्मुज तब तक नहीं खोला जाएगा जब तक उसकी प्रमुख शर्तें स्वीकार नहीं की जातीं. ईरान की ओर से युद्ध और नाकेबंदी खत्म करने तथा क्षेत्रीय संघर्षों में युद्धविराम की मांग भी रखी गई है.

होर्मुज पर बढ़ रहा टकराव

ट्रंप के ताजा पोस्ट से साफ है कि होर्मुज का मुद्दा अब केवल समुद्री मार्ग या सैन्य नियंत्रण तक सीमित नहीं रह गया है. दोनों देशों के बयान लगातार तीखे होते जा रहे हैं. ईरानी नेता इब्राहिम अजीजी ने भी ट्रंप के दावे पर तंज कसा था और उन्हें अपनी सुरक्षा पर ध्यान देने की सलाह दी थी. अब नक्शे के जरिए किया गया नया दावा आने वाले दिनों में इस विवाद को और गरमा सकता है.