दुनिया के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर, परमाणु युद्ध को लेकर ट्रंप-शी और पुतिन ने कह दी ये बात
अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों ने त्रिपक्षीय बैठक के बाद शांति घोषणा जारी की. तीनों नेताओं ने परमाणु युद्ध रोकने, वैश्विक सुरक्षा और संयुक्त राष्ट्र में सुधार पर जोर दिया.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक अहम त्रिपक्षीय बैठक के बाद शांति घोषणा जारी की. समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, तीनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि परमाणु युद्ध कभी नहीं लड़ा जाना चाहिए. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक स्थिरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी जताई.
संयुक्त राष्ट्र में सुधार की मांग
बैठक में तीनों राष्ट्राध्यक्षों ने संयुक्त राष्ट्र (UN) में सुधार की जरूरत पर जोर दिया. उनका कहना था कि वैश्विक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के अपने मूल उद्देश्य को पूरा करने के लिए संयुक्त राष्ट्र को अधिक सक्षम बनाना जरूरी है.
ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय कानून पर चर्चा
तीनों नेताओं ने ऊर्जा की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर भी सहमति जताई. इसके लिए रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने की योजना पर जोर दिया गया. इसके अलावा, उन्होंने देशों की सहमति और सरकारी अधिकारियों को मिलने वाली कानूनी छूट का सम्मान करने की बात कही. अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) जैसी संस्थाओं की ओर से अधिकार क्षेत्र के कथित दुरुपयोग पर भी चिंता जताई.
परमाणु हथियारों का खतरा कम करने पर जोर
तीनों देशों ने परमाणु हथियारों से जुड़े जोखिम कम करने और उनके प्रसार को रोकने के लिए बातचीत करने की योजना बनाई. ट्रंप ने कहा कि दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियां होने के नाते उनके पास परमाणु हथियारों की संख्या घटाने और इनके इस्तेमाल का खतरा कम करने की विशेष जिम्मेदारी है.
ट्रंप बोले- हम अलग रास्ता चुन रहे हैं
ट्रंप ने इस बैठक को पुराने कूटनीतिक तरीकों से अलग बताते हुए कहा कि पहले के नेता अक्सर उन देशों से बातचीत करने से बचते थे, जिनसे उनके मतभेद थे. लेकिन अब तीनों देश एक अलग रास्ता चुन रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन दुनिया के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य बनाने में मदद करेगा.
ईरान के परमाणु कार्यक्रम का भी किया जिक्र
परमाणु सुरक्षा पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि परमाणु हथियारों से पूरी तरह दूर रहना बेहद मुश्किल है, लेकिन इनके प्रसार को रोकने के लिए सहयोग जरूरी है. उन्होंने ईरान का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा.