‘ईरान कमजोर देश, बातचीत सफल हुई तो नहीं करेंगे दोबारा हमला…’, ट्रंप का बड़ा बयान

ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान परमाणु प्रोग्राम और रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के मुद्दे पर अमेरिका के साथ मजबूत समझौता करता है, तो सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करने की संभावना बेहद कम है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान परमाणु प्रोग्राम और रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के मुद्दे पर अमेरिका के साथ मजबूत समझौता करता है, तो सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करने की संभावना बेहद कम है. हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अमेरिका ने ईरान के 38 पुलों और कई अहम ठिकानों को संभावित हमले के लिए निशाने पर रखा है.

ट्रंप ने रविवार को कहा कि अगर बातचीत सफल रहती है तो दोबारा युद्ध की जरूरत शायद नहीं पड़ेगी. उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान कितना मजबूत समझौता करने के लिए तैयार होता है.

एक घंटे में गिरा सकते हैं ईरान के 38 पुल: ट्रंप

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना के पास ईरान के 38 पुलों को निशाना बनाने की योजना तैयार है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इन पुलों को महज एक घंटे में तबाह किया जा सकता है. हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहते, क्योंकि पुलों को दोबारा बनाने में कई साल लग सकते हैं. उनके मुताबिक, किसी देश के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने से उसे दोबारा खड़ा करने में करीब 10 साल लग सकते हैं.


ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी प्रतिबंधों और पहले की सैन्य कार्रवाई से ईरान की आर्थिक और सैन्य ताकत कमजोर हुई है. उन्होंने ईरान की महंगाई दर 301 प्रतिशत होने का भी दावा किया.

ईरान ने अमेरिका को दी कड़ी चेतावनी:

दूसरी तरफ, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिका को साफ संदेश दिया है कि अब फैसला वॉशिंगटन को करना है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अमेरिका के सामने दो विकल्प हैं. पहला, सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने के प्रस्ताव को स्वीकार करना और दूसरा, युद्ध का रास्ता चुनना.

अराघची ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने बातचीत का रास्ता नहीं चुना तो ईरान की सेना जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि ईरान के सैनिक किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं.

इजरायल ने भी दी हमले की चेतावनी:

इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा है कि ईरान के खिलाफ इजरायल का मिशन अभी पूरा नहीं हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश दोबारा कर रहा है. काट्ज के मुताबिक, ईरान की गतिविधियां इजरायल की सुरक्षा के लिए खतरा हैं. हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया.

क्या टल सकता है अमेरिका-ईरान युद्ध?

फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत और सैन्य टकराव, दोनों की संभावनाएं बनी हुई हैं. ट्रंप जहां समझौते के जरिए युद्ध टालने की बात कर रहे हैं, वहीं ईरान ने भी अपनी शर्तें सामने रख दी हैं. इजरायल के सख्त रुख ने स्थिति को और जटिल बना दिया है. आने वाले दिनों में कूटनीतिक बातचीत ही तय करेगी कि क्षेत्र में तनाव कम होगा या फिर एक बार फिर सैन्य संघर्ष बढ़ेगा.