चीनी कोयला खदान में दर्दनाक हादसा, 12 की मौत, 13 लोग हुए घायल
China Coal Mine Accident: यह दुर्घटना बुधवार को जिक्सी शहर की कुयुयान खदान में हुई. इस हादसे में 12 लोगों ने अपनी जान गंवाई है.
China Coal Mine Accident: चीन की कोयला खदान में एक बार फिर से भयानक हादसा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, हेईलोंगजिआंग प्रांत में मौजूद कोयले की खान में दुर्घटना के कारण 12 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. चीन के सरकारी मीडिया ने इस बारे में जानकारी दी.
एक दिन बाद मिली हादसे की सूचना
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोयले की खदान में काम करने वाले वर्कर खनन गाड़ी में मौजूद थे. यह गाड़ी पटरी से उतर गई और यह हादसा हो गया. यह दुर्घटना बुधवार को जिक्सी शहर की कुयुयान खदान में हुई. चीनी मीडिया ने इस हादसे की सूचना एक दिन बाद दी.
हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. दुर्घटना के कारणों की जांच करने के लिए एक समिति का भी गठन किया गया है. हादसे में घायल हुए कुछ श्रमिकों की हालत कभी गंभीर बनी हुई है. चीन में बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं से निपटने के लिए वह सुरक्षा में सुधार हेतु लगातार काम कर रहा है.
चीन में लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं
चीन में अगस्त माह में भी शांक्सी प्रांत में कोयला खदान में विस्फोट की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई थी. पिछले महीने, शांक्सी में ही एक कोयला खनन कंपनी की इमारत में भीषण आग लगने की वजह से 26 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए थे. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल चीन में हुई 168 दुर्घटनाओं में 245 लोगों की मौत हो गई.