अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त हमले में ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इसके बाद चार महीने तक चले तनाव के बाद दोनों देशों ने शांति समझौते पर साइन किया और बातचीत अभी भी जारी है. इसी बीच तेहरान में रविवार को पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई का अंतिम संस्कार किया गया.
तेहरान में रविवार को सड़कों पर माहौल तब गरम हो गया, जब जनाजा निकालने वाले आयोजकों ने सरेआम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की बात कही. खामेनेई की मौत के बाद ऐसा पहला मौका है जब किसी भी आधिकारिक मंच से सीधे ट्रंप की मौत का आह्वान किया गया है. खासतौर पर ऐसे समय में जब दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर बातचीत जारी है.
अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे की जिम्मेदारी मोहम्मद रसूली नाम के एक धार्मिक गुरु ने संभाल रखी थी. उन्होंने ही बीच सड़क पर 'अमेरिका मुर्दाबाद' और 'इजरायल मुर्दाबाद' के नारे लगवाए. हालांकि इसी बीच भीड़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की बात कही. सभी लोगों ने एक सुर में यह सवाल उठाया कि जिसने हमारे इमाम को मारा, वह अब तक जिंदा क्यों है? जिस पर सामने से यह जवाब आया कि मैं तुम्हारे खून की कसम खाता हूं कि हम ट्रंप को खत्म कर देंगे. हालांकि यह आवाज किसकी था, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर नजर आ रहे वीडियो में भीड़ की आंखों में अपने नेता के लिए आंसू नजर आ रहे है. हाथों में खामेनेई की तस्वीरें और देश का झंडा पकड़े लोग आगे बढ़ रहे थे. इसमें से कुछ ऐसे भी लोग थे, जिन्होंने ट्रंप को मारने की बात लिखी थी. कुछ लोगों ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को मारने की मांग करने वाले पोस्टर भी दिखाए. एक ओर लोग ट्रंप को मारने की कसम खा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति अपने देश की स्थापना का जश्न मना रहे हैं. इस जश्न में उन्होंने कहा कि हमें अभी तक जबरदस्त कामयाबी मिली है, चाहे वह वेनेजुएला हो या ईरान.