menu-icon
India Daily

लुधियाना के पास जीटी रोड पर दर्दनाक हादसा, टायर बदल रहे दो युवकों को ट्रक ने कुचला, मौके पर हुई मौत

लुधियाना के खन्ना के पास जीटी रोड पर टायर बदल रहे दो युवकों को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई. हादसे में एक आठ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है. चलिए जानते हैं क्या लिया गया एक्शन.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
लुधियाना के पास जीटी रोड पर दर्दनाक हादसा, टायर बदल रहे दो युवकों को ट्रक ने कुचला, मौके पर हुई मौत
Courtesy: Pinterest (Representative image)

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना के पास स्थित बीजा गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जीटी रोड पर कार का टायर बदल रहे दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ खड़ा एक आठ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है.

मृतकों की पहचान 32 वर्षीय अमरदीप वर्मा और 25 वर्षीय विक्की के रूप में हुई है. दोनों उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर के रहने वाले थे. परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वे दो कारों में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार यात्रा के दौरान उनकी एक कार का टायर पंक्चर हो गया. इसके बाद अमरदीप और विक्की सड़क किनारे कार का टायर बदल रहे थे. उसी समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में खड़ा आठ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

हादसे के तुरंत बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को खन्ना के सिविल अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया.

मृतक के परिजन ने क्या बताया?

मृतक अमरदीप वर्मा की बहन मोनिका ने बताया कि पूरा परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहा था. परिवार के सदस्य दूसरी कार में सवार थे. हादसे की सूचना मिलते ही सभी लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है.

दुर्घटना के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स ने क्षतिग्रस्त वाहन को जीटी रोड से हटाकर यातायात को सामान्य कराया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.

ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है.