उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अपने ऐतिहासिक स्थलों, तहजीब और खानपान के लिए देशभर में प्रसिद्ध है. इन्हीं पहचानों में एक नाम है शर्मा जी की चाय, जहां पहुंचना कई पर्यटकों और शहर आने वाले लोगों की प्राथमिकता होती है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को भी अपने लखनऊ दौरे के दौरान इस प्रसिद्ध चाय की दुकान पर पहुंचे.
उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे. दुकान पर पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने चाय, समोसा और मशहूर बन-मस्का का स्वाद लिया. उनके आगमन की सूचना मिलते ही आसपास बड़ी संख्या में लोग और भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हो गए.
नितिन नवीन ने अपने इस दौरे का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी साझा किया. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि जब भी लखनऊ की बात होती है, तब शर्मा जी की चाय और बन-मस्का का स्वाद लेना लगभग तय होता है. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया और समर्थकों ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच स्थानीय संस्कृति और खानपान से जुड़ाव दिखाने के इस अंदाज को लोगों ने भी खासा पसंद किया. कई लोगों ने इसे लखनऊ की पहचान से जुड़ने का प्रयास बताया.
लखनऊ प्रवास के दौरान नितिन नवीन ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी का पक्ष स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत देता है कि प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलेगा. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी है, उससे जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार मजबूत हुआ है.
उनके अनुसार सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ प्रदेश के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है. भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जो ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला, वह आगामी चुनाव के लिए सकारात्मक संकेत है. उन्होंने विश्वास जताया कि समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी एक बार फिर जनता का समर्थन हासिल करेगी. नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे.