नई दिल्ली: पाकिस्तान ने शनिवार रात अफगानिस्तान के भीतर कई हवाई हमले किए, जिन्हें टीटीपी और इससे जुड़े आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई बताया गया. तालिबान ने इन हमलों को बेकसूर लोगों पर जुल्म करार दिया. प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि महिलाएं और बच्चे भी मारे गए हैं. तालिबान ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अफगानिस्तान जवाबी हमला करने का हक रखता है. सीमा पर तनाव अब चरम पर पहुंच गया है.
तालिबान ने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुसपैठ और नागरिकों की हत्या का गंभीर आरोप लगाया. जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी जनरल अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए ऐसे अपराध कर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक एक ही परिवार के 19 सदस्य मारे गए. तालिबान ने साफ कहा कि सही समय पर जवाबी कार्रवाई होगी.
पक्तिका, नंगरहार और खोस्त में हुए हमलों के बाद तालिबान के वरिष्ठ नेता काबुल और कंधार में आपात बैठकें कर रहे हैं. सूत्रों ने बताया कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है. अभी कोई तात्कालिक कदम नहीं उठाया गया, लेकिन नेतृत्व ने संकेत दिया है कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा. स्थिति पर गहराई से विचार-विमर्श जारी है.
पाकिस्तानी वायुसेना ने एफ-16 और जेएफ-17 विमानों से पक्तिका के बरमल, नंगरहार और अन्य इलाकों में हमले किए. सेना का कहना है कि टीटीपी, फितना अल खवारिज और आईएसकेपी के कैंप नष्ट किए गए. हाल के बाजौर और बन्नू हमलों के पीछे अफगानिस्तान से निर्देश होने का दावा किया गया. पाकिस्तान ने कहा कि उसके पास ठोस सबूत हैं.
डूरंड लाइन के पास ये हमले ऐसे समय हुए जब दोनों देशों के रिश्ते पहले से तनावपूर्ण हैं. पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान से टीटीपी को समर्थन मिलने का आरोप लगाता रहा है. तालिबान इन आरोपों से इनकार करता है. अब जवाबी कार्रवाई की धमकी से सीमा पर नई झड़प की आशंका बढ़ गई है.