काबुल में तबाही का मंजर..., अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर लगाए अस्पताल पर हमले का आरोप; 400 की मौत और करीब 250 घायल

काबुल में अस्पताल पर कथित पाकिस्तानी हवाई हमले में सैकड़ों लोगों की मौत का दावा किया गया है. अफगानिस्तान ने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया है, जबकि पाकिस्तान ने आरोपों को खारिज कर दिया है.

@_GlobeObserver x account
Km Jaya

नई दिल्ली: तालिबान के एक प्रवक्ता ने मंगलवार सुबह बताया कि अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले में कम से कम 400 लोग मारे गए हैं और करीब 250 घायल हुए हैं. अफगानिस्तान के उप-सरकारी प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने बताया कि यह हवाई हमला स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 9 बजे नशा मुक्ति केंद्र वाले अस्पताल पर हुआ, जिससे 2,000 बिस्तरों वाली इस इमारत का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया.

पाकिस्तान ने अफगान सरकार के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया और कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया. अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने इस हमले की निंदा करते हुए पाकिस्तान पर अत्याचार करने के लिए अस्पतालों और आम नागरिकों की जगहों को निशाना बनाने का आरोप लगाया.

अफगान सरकार ने आरोप लगाते हुए क्या कहा?

उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'पाकिस्तान की सैन्य सरकार ने एक बार फिर अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन किया है और काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र वाले अस्पताल को निशाना बनाया है, जिसके परिणामस्वरूप वहां इलाज करा रहे नशे के आदी लोगों की मौत हुई है और वे घायल हुए हैं.'

उन्होंने आगे कहा, 'हम इस अपराध की कड़ी निंदा करते हैं और ऐसे कृत्य को सभी मान्य सिद्धांतों के खिलाफ और मानवता के खिलाफ अपराध मानते हैं.'

पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने क्या कहा?

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तारड़ ने कहा कि पाकिस्तान की सेना ने काबुल और पूर्वी प्रांत नंगरहार में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए सटीक हवाई हमले किए थे.

काबुल में कहां - कहां हुए हमले? 

उन्होंने बताया कि काबुल में दो जगहों पर मौजूद तकनीकी सहायता के बुनियादी ढांचे और गोला-बारूद के भंडारण केंद्रों को नष्ट कर दिया गया.

उन्होंने X पर लिखा, 'सभी हमले पूरी सटीकता के साथ सिर्फ उन बुनियादी ढांचों पर किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल अफगान तालिबान सरकार अपने कई आतंकी गुटों को मदद पहुंचाने के लिए कर रही थी.'

कब हुआ ये हमला?

यह कथित हमला तब हुआ, जब अफगान अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच उनकी साझा सीमा पर गोलीबारी हुई, जिसमें अफगानिस्तान के चार लोग मारे गए. यह पिछले कई सालों में दोनों पड़ोसी देशों के बीच हुई सबसे घातक लड़ाई थी, जो अब अपने तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है.

यह लड़ाई फरवरी के आखिर में तब शुरू हुई, जब अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के उन हवाई हमलों के जवाब में सीमा पार हमले किए, जो पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर किए थे और जिनके बारे में काबुल का कहना था कि उनमें आम नागरिक मारे गए थे. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने ऐलान किया है कि वह अफगानिस्तान के साथ खुले युद्ध की स्थिति में है.