Taiwan Earthquake: 7 की मौत, 700 से ज्यादा घायल, 25 साल बाद ताइवान ने देखी ऐसी तबाही
Taiwan Earthquake: बुधवार को ताइवान में 7.5 तीव्रता का भूकंप आने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
Taiwan Earthquake: बुधवार ताइवान के लिए तबाही भरा रहा. देश में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया. इसके झटके जापान और फिलीपींस तक महसूस किए गए. भूकंप आने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 700 से अधिक अन्य घायल हो गए हैं. मरने वालों का आंकड़े बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
भूंकप के बाद जापान के योनागुनी द्वीप में सुनामी भी आ गई. यह पिछले 25 वर्षों में ताइवान में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है, इसके पहले 1999 में 7.6 तीव्रता का भूंकप आया था, जिसमें 2,500 से अधिक लोग मारे गए थे और 1,300 से अधिक अन्य घायल हुए थे.
रॉयटर्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ताइवान सरकार ने कहा कि भूकंप के केंद्र हुलिएन काउंटी में चार लोगों की मौत की सूचना मिली है. सरकार ने यह भी कहा कि भीषण भूकंप के चलते ताइवान में कम से कम 26 इमारतें ढह गईं, जिनमें से आधी से अधिक इमारतें काउंटी में स्थित हैं. इस बीच ढही इमारतों के मलबे में फंसे करीब 20 लोगों को बचाने के लिए ऑपरेशन जारी है.
Also Read
सुनामी का खतरा
भूकंप सुबह 7.58 बजे हुलिएन से लगभग 18 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में और लगभग 35 किमी गहराई पर आया. जापान के अधिकारियों ने कहा कि ताइवान में भूकंप आने के लगभग 15 मिनट बाद योनागुनी द्वीप पर 1 फुट की सुनामी लहर का पता चला. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने ओकिनावा प्रान्त के तटीय क्षेत्रों के निवासियों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है और देश के दक्षिण-पश्चिमी तट पर 3 मीटर तक की सुनामी की लहरें पहुंचने की आशंका जताई है.