menu-icon
India Daily

होर्मुज में माइंस से टकराया सुपरटैंकर, लगी भीषण आग; ईरान की चेतावनी से बढ़ा समुद्री तनाव

होर्मुज स्ट्रेट में एक सुपरटैंकर के दो नौसैनिक माइंस से टकराने के बाद उसमें भीषण आग लग गई. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि जहाज ऐसे समुद्री रास्ते से गुजर रहा था, जिसे ईरान अनधिकृत और अवैध मानता है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
होर्मुज में माइंस से टकराया सुपरटैंकर, लगी भीषण आग; ईरान की चेतावनी से बढ़ा समुद्री तनाव
Courtesy: AI

होर्मुज स्ट्रेट में एक सुपरटैंकर के नौसैनिक माइंस से टकराने की घटना सामने आई है. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC के मुताबिक, जहाज स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से से गुजर रहा था. इसी दौरान वह दो नौसैनिक माइंस से टकरा गया.

टक्कर के बाद सुपरटैंकर में तेज आग लग गई और जहाज को पूरी तरह रोकना पड़ा. हालांकि, अभी तक जहाज के नाम, उसके झंडे, उसमें लदे सामान या चालक दल से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है. घटना में किसी के मारे जाने या घायल होने की भी सूचना नहीं है.

ईरान ने दूसरे जहाजों को भी चेताया

आईआरजीसी ने दावा किया कि सुपरटैंकर ईरान के बताए नियमों का पालन किए बिना उस समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था, जिसे ईरान अनधिकृत और अवैध मानता है. ईरान ने दूसरे जहाजों को भी चेतावनी दी है कि उसके नेविगेशन नियमों का उल्लंघन करने पर उन्हें भी इसी तरह के खतरे का सामना करना पड़ सकता है. ईरान ने शिपिंग कंपनियों से अमेरिकी सेना के निर्देशों का पालन नहीं करने को भी कहा है. इस चेतावनी के बाद होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

माइंस को लेकर पहले से जारी है तनाव

होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक माइंस का खतरा अमेरिका और ईरान के बीच हालिया सैन्य तनाव का भी अहम मुद्दा रहा है. अमेरिका ने ईरान के लारक द्वीप पर कार्रवाई की थी. अमेरिकी सेना के अनुसार, वहां आईआरजीसी के दो प्रक्षेपण तंत्रों को निशाना बनाया गया. अमेरिका का दावा था कि ईरानी सेना इन तंत्रों के जरिए होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री माइंस बिछाने की तैयारी कर रही थी. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए तत्काल खतरा बताया था.

दुनिया के अहम समुद्री रास्तों में शामिल है होर्मुज

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है. यहां किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि या समुद्री माइंस की मौजूदगी से तेल और दूसरे सामान की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. अब सुपरटैंकर के दो माइंस से टकराने के ईरानी दावे ने इस पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है. ईरान की चेतावनी और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बीच होर्मुज स्ट्रेट में तनाव लगातार गंभीर होता जा रहा है.