menu-icon
India Daily

'अब हमें पापा और मम्मी कौन कहेगा?' बांद्रा में न्यूट्रिशनिस्ट ने SUV से 8 साल के अंश को कुचला, परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

बांद्रा पश्चिम में SUV की चपेट में आने से आठ साल के अंश गुप्ता की मौत हो गई. बेटे को खोने के बाद माता-पिता ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
'अब हमें पापा और मम्मी कौन कहेगा?' बांद्रा में न्यूट्रिशनिस्ट ने SUV से 8 साल के अंश को कुचला, परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
Courtesy: Social Media

मुंबई के बांद्रा पश्चिम में हुई सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी. आठ साल के अंश गुप्ता की कथित तौर पर SUV की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका कहना है कि अंश उनका इकलौता बेटा था और उसके जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है. माता-पिता ने घटना के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. 

इकलौते बेटे को खोकर टूटे माता-पिता

ऑनलाइन सामने आए वीडियो में अंश के माता-पिता रविवार को हुई इस त्रासदी के बाद फूट-फूटकर रोते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि रिश्तेदार उन्हें सांत्वना देने की कोशिश कर रहे हैं. उनके पिता अरविंद गुप्ता भी हाथ जोड़ते हुए न्याय की गुहार लगाते दिखे. उन्होंने बताया कि उन्हें बच्चे के दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली.

'अब हमें पापा और मम्मी कौन कहेगा...'

मीडिया से बातचीत में परिवार ने बताया कि अंश सड़क किनारे जा रहा था, तभी गाड़ी ने उससे जोरदार टक्कर मारी, जिसमें उसकी जान चली गई. इस घटना के बाद माता-पिता ने रोते हुए कहा कि, 'अब हमें पापा और मम्मी कौन कहेगा? हमें न्याय चाहिए. मेरा बच्चा सड़क किनारे चल रहा था और कार ने उसे टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई.' साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि अंश उनका इकलौता बच्चा था, अब वह अपने बच्चे के बिना क्या करेंगे. 

रिश्तेदार ने लगाए गंभीर आरोप

परिवार के एक रिश्तेदार ने महिला चालक पर बच्चे को जानबूझकर कुचलने का आरोप लगाया. उन्होंने यह भी दावा किया कि हादसे के बाद चालक ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर बच्चे को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाने की कोशिश में जुटी है.

बगीचे से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच सेंट जॉन बैपटिस्ट रोड पर जीजामाता गार्डन के पास हुई. यह रास्ता माउंट मेरी चर्च की ओर जाता है. कादेश्वर इलाके में रहने वाला अंश कथित तौर पर खेलने के लिए बगीचे गया था. घर लौटते समय सड़क पार करने के दौरान न्यूट्रिशनिस्ट मेघा रावल द्वारा चलाई जा रही इनोवा हाइक्रॉस एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी. मामले की जांच जारी है.