menu-icon
India Daily

मां के कहने पर हरियाणा के इस छोड़े ने बदला था अपना नाम, आज इंडस्ट्री में बन गया है धांसू एक्टर

हरियाणा के गुरुग्राम में जन्मे राजकुमार राव का असली नाम राजकुमार यादव था. मां की सलाह पर उन्होंने अपना नाम बदलकर राजकुमार राव रखा और बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई.

babli
Edited By: Babli Rautela
मां के कहने पर हरियाणा के इस छोड़े ने बदला था अपना नाम, आज इंडस्ट्री में बन गया है धांसू एक्टर
Courtesy: Social Media

Rajkummar Rao Birthday: हरियाणा के गुरुग्राम से निकला एक लड़का, जिसने बड़े सपने लेकर मुंबई का रुख किया और आज बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद एक्टर्स में अपनी जगह बना चुका है. बात हो रही है राजकुमार राव की, जो 31 अगस्त को अपना जन्मदिन मना रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि फिल्मों में आने से पहले उनका नाम कुछ और था, लेकिन मां की एक सलाह ने उनकी पहचान हमेशा के लिए बदल दी.

राजकुमार राव का जन्म 31 अगस्त 1984 को हरियाणा के गुरुग्राम में हुआ था. उनका असली नाम राजकुमार यादव था. अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले उनकी मां ने उन्हें नाम बदलने की सलाह दी. मां का मानना था कि "राजकुमार राव" नाम उनके लिए ज्यादा शुभ रहेगा. इसके बाद उन्होंने अपने नाम के साथ "राव" जोड़ लिया और यही नाम आगे चलकर उनकी पहचान बन गया.

स्कूल के मंच से शुरू हुआ एक्टिंग का जुनून

राजकुमार को बचपन से ही अभिनय का शौक था. स्कूल और कॉलेज के नाटकों में हिस्सा लेते-लेते उन्होंने तय कर लिया कि उन्हें अभिनेता ही बनना है. अपने पसंदीदा अभिनेता मनोज बाजपेयी से प्रेरित होकर उन्होंने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से एक्टिंग की पढ़ाई की और फिर सपनों की नगरी मुंबई पहुंच गए.

छोटे रोल से शुरुआत, 'शाहिद' ने बदल दी किस्मत

मुंबई आने के बाद राजकुमार को शुरुआत में छोटे-छोटे रोल मिले. उन्होंने फिल्म 'रण' और 'लव सेक्स और धोखा' जैसी फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की. लेकिन साल 2013 में आई फिल्म 'शाहिद' उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई. मानवाधिकार वकील शाहिद आज़मी के किरदार में उनकी दमदार एक्टिंग को खूब सराहा गया और इसी फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला.

राजकुमार राव ने कभी खुद को एक ही तरह के किरदारों तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने गंभीर, रोमांटिक, कॉमेडी और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों में बराबर दम दिखाया. 'काई पो छे', 'क्वीन', 'सिटीलाइट्स', 'अलीगढ़', 'ट्रैप्ड', 'बरेली की बर्फी', 'न्यूटन', 'स्त्री', 'बधाई दो', 'श्रीकांत' जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों ने उन्हें बॉलीवुड का सबसे वर्सेटाइल अभिनेता बना दिया.

अवॉर्ड्स की लंबी फेहरिस्त

राजकुमार राव की एक्टिंग को सिर्फ दर्शकों ने ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री ने भी कई बार सम्मानित किया. उन्हें 'शाहिद' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला. इसके अलावा फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में भी उन्हें कई बार बेस्ट एक्टर, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है.

राजकुमार राव का वर्कफ्रंट

राजकुमार राव के पास आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा' की है, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे. इसके अलावा भी उनकी कई फिल्में पाइपलाइन में हैं, जिनका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.