वॉरेन बफेट के साथ लंच करने के लिए शख्स ने चुकाए 75 करोड़ रुपये, दान किया जाएगा सारा पैसा
दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट और मशहूर बास्केटबॉल खिलाड़ी स्टीफन करी के साथ प्राइवेट चैरिटी लंच के लिए एक शख्स ने तकरीबन 75 करोड़ रुपये की बोली लगाई है.
नई दिल्ली: मशहूर बास्केटबॉल खिलाड़ी स्टीफन करी और दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट के साथ एक प्राइवेट लंच के लिए एक शख्स ने चैरिटी नीलामी में 90 लाख डॉलर यानी तकरीबन 75 करोड़ रुपये से ज्यादा की भारी-भरकम बोली लगाई है. खास बात यह है कि 95 साल के वॉरेन बफेट ने भी वादा किया है कि वे इस जीती हुई रकम के बराबर का पैसा अपनी तरफ से मिलाएंगे ताकि दोनों दिग्गजों की पसंदीदा चैरिटी संस्थाओं को इसका फायदा मिल सके.
eBay पर हुई नीलामी
eBay पर हुई इस ऑनलाइन नीलामी का मकसद बफेट के उस पुराने इवेंट को दोबारा शुरू करना था जिसे उन्होंने दो दशकों से ज्यादा समय तक चलाया था. उस दौरान सैन फ्रांसिस्को में बेघर लोगों की मदद करने वाली संस्था 'ग्लाइड फाउंडेशन' के लिए करीब 5.3 करोड़ डॉलर जुटाए गए थे. इस बार की नीलामी से जो पैसा आएगा उसका एक हिस्सा स्टीफन करी और उनकी पत्नी आयशा करी की संस्था 'ईट.लर्न.प्ले. फाउंडेशन' को भी जाएगा.
इस नीलामी को जीतने वाले शख्स ने अपना नाम गुप्त रखा है और उसने बफेट और करी परिवार के साथ ओमाहा, नेब्रास्का में अगले महीने होने वाले लंच के लिए पूरे 90 लाख डॉलर से ज्यादा चुकाए हैं. इस पर करी दंपति ने खुशी जताते हुए कहा कि जब अलग-अलग पीढ़ियां और संस्थाएं किसी अच्छे मकसद के लिए साथ आती हैं तो समाज में एक बड़ा और गहरा बदलाव लाया जा सकता है.
इस खास नीलामी का क्या है इतिहास?
बफेट ने इस लंच नीलामी की शुरुआत साल 2000 में की थी जो कोरोना महामारी के आने तक हर साल चलती रही. साल 2008 के बाद से बफेट के साथ लंच करने की हर बोली 10 लाख डॉलर पार कर जाती थी. वहीं साल 2022 में एक शख्स ने इस लंच के लिए रिकॉर्ड तोड़ 1.9 करोड़ डॉलर दिए थे जिसके बाद बफेट ने इस इवेंट को बंद कर दिया था. इसके बाद 2024 में टेक दिग्गज मार्क बेनिऑफ के साथ ऐसा ही एक लंच हुआ जिससे 15 लाख डॉलर जुटे पर वह सिलसिला लंबा नहीं चल सका.
इस साल की शुरुआत में खुद बफेट ने स्टीफन करी से संपर्क किया और उन्हें इस चैरिटी लंच का हिस्सा बनने का न्योता दिया था. गौरतलब है कि वॉरेन बफेट ने इसी साल जनवरी में छह दशकों के बाद बर्कशायर हैथवे के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है हालांकि वे अब भी कंपनी के चेयरमैन बने हुए हैं.