menu-icon
India Daily

सऊदी अरब में शराब पर बैन, फिर कैसे हुई सऊदी प्रिंस की शराब पीने से मौत?

प्रिंस 19 नवंबर को लंदन के केन्सिंग्टन इलाके में स्थित मारियट होटल में रुके थे. उन्होंने एक हफ्ते का प्लान बनाया था. होटल का एक रात का किराया करीब 600 यूरो था. 25 नवंबर को होटल के कमरे में उनकी लाश मिली. होटल की क्लीनर सुबह कमरा साफ करने गई तो उन्हें बाथरूम के फ्लोर पर शव पड़ा हुआ मिला.

antima
Edited By: Antima Pal
सऊदी अरब में शराब पर बैन, फिर कैसे हुई सऊदी प्रिंस की शराब पीने से मौत?
Courtesy: X

लंदनः सऊदी अरब के 29 वर्षीय प्रिंस अब्दुल्लाह बिन फहद बिन अब्दुल्लाह बिन अब्दुलअजीज बिन जलावी अल सऊद की पिछले साल 25 नवंबर को लंदन के एक लग्जरी होटल में मौत हो गई थी. मौत का कारण शराब, पार्टी ड्रग्स और कुछ दवाइयों का घातक मिश्रण बताया गया है. ब्रिटिश कोर्ट की जांच में यह बात सामने आई है.

प्रिंस 19 नवंबर को लंदन के केन्सिंग्टन इलाके में स्थित मारियट होटल में रुके थे. उन्होंने एक हफ्ते का प्लान बनाया था. होटल का एक रात का किराया करीब 600 यूरो था. 25 नवंबर को होटल के कमरे में उनकी लाश मिली. होटल की क्लीनर सुबह कमरा साफ करने गई तो उन्हें बाथरूम के फ्लोर पर शव पड़ा हुआ मिला. तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को फोन किया गया. पैरामेडिक्स ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे होश में नहीं आए. घटनास्थल पर ही उनकी मौत घोषित कर दी गई.

कोरोनर कोर्ट में क्या खुलासा हुआ?

इनर वेस्ट लंदन कोरोनर कोर्ट में सुनवाई के दौरान Toxicology रिपोर्ट सामने आई. रिपोर्ट में पता चला कि प्रिंस के खून में अल्कोहल की मात्रा 222 mg प्रति 100 ml थी. यह इंग्लैंड के ड्रिंक ड्राइविंग लिमिट से करीब तीन गुना ज्यादा है. इतनी शराब अकेले ही किसी को कोमा में डाल सकती है.

इसके अलावा उनके शरीर में Gamma-Hydroxybutyrate (GHB) नामक पार्टी ड्रग की खतरनाक मात्रा मिली. GHB को आमतौर पर नाइट पार्टी में इस्तेमाल किया जाता है. साथ ही cannabis (गांजा), Xanax और अन्य एंटी-एंग्जायटी दवाइयों के निशान भी मिले. डॉक्टरों ने कहा कि इन सब चीजों के मिश्रण से हृदय गति रुक गई और मौत हो गई.

जांच अधिकारियों ने साफ कहा कि यह दुर्घटना थी. प्रिंस ने जानबूझकर आत्महत्या नहीं की थी. CCTV फुटेज में देखा गया कि मौत से एक दिन पहले शाम को वे सिगरेट पीने के लिए बाहर गए थे. 

सऊदी अरब में शराब पर सख्ती

सऊदी अरब में शराब पीना पूरी तरह गैरकानूनी है. वहां इसकी सख्त सजा का प्रावधान है. हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सरकार नियंत्रित तरीके से शराब बेचने की अनुमति दे सकती है, लेकिन सऊदी अधिकारियों ने इसे सिरे से खारिज कर दिया था.