menu-icon
India Daily

रूस-यूक्रेन जंग रोकने की 'प्लानिंग' के साथ मॉस्को पहुंचे डोभाल, जयशंकर बोले- भारत तैयार...

Russia Ukraine Peace Plan: पिछले सप्ताह क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने दैनिक समाचार पत्र इज़वेस्टिया को बताया कि भारत यूक्रेन पर वार्ता स्थापित करने में मदद कर सकता है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच दोस्ताना संबंधों के बारे में बात की और कहा कि भारतीय नेता मोदी इस संघर्ष को रोकने में मदद कर सकते हैं, क्योंकि वे पुतिन, ज़ेलेंस्की और अमेरिकियों के साथ स्वतंत्र रूप से बातचीत करते हैं.

India Daily Live
रूस-यूक्रेन जंग रोकने की 'प्लानिंग' के साथ मॉस्को पहुंचे डोभाल, जयशंकर बोले- भारत तैयार...
Courtesy: pinterest

Russia Ukraine Peace Plan: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म कराने की प्लानिंग के साथ भारत के राष्ट्रीय सुरुक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मॉस्को पहुंचे हैं. इस बीच, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि रूस और यूक्रेन को युद्ध के मैदान से बाहर बातचीत करके अपने संघर्ष को सुलझाना होगा और भारत उन्हें सलाह देने को तैयार है.

जयशंकर का ये बयान ऐसे समय में आया है, जब राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल एनएसए की अहम बैठक के लिए मॉस्को में हैं. सूत्रों ने बताया है कि डोभाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रस्तावित शांति योजना लेकर आए हैं, जिसे वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शेयर करेंगे.

भारत ने की है जंग खत्म करने की पेशकश

रूस और यूक्रेन भारत के प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं या नहीं, यह अभी पता नहीं है, लेकिन भारत ने संघर्ष को समाप्त करने में मदद की पेशकश की है. यूक्रेन की अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से कहा कि भारत शांति बहाल करने के हर प्रयास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए हमेशा तैयार है और वह संघर्ष को समाप्त करने में व्यक्तिगत रूप से योगदान देना चाहेंगे.

प्रधानमंत्री मोदी शायद उन गिने-चुने नेताओं में से एक हैं, जिनके पुतिन और जेलेंस्की दोनों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और दोनों देशों की उनकी हालिया यात्राओं के दौरान दोनों नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था.

विदेश मंत्रियों के सम्मेलन में लावरोव और जयशंकर की हुई थी बातचीत

विदेश मंत्री बर्लिन में जर्मन विदेश कार्यालय के वार्षिक राजदूत सम्मेलन में बोल रहे थे। इससे एक दिन पहले उन्होंने सऊदी अरब के रियाद में भारत-खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ बातचीत की थी. 

जयशंकर ने कहा कि हमें नहीं लगता कि यह संघर्ष युद्ध के मैदान में हल होने वाला है. किसी न किसी स्तर पर, कुछ बातचीत तो होगी ही. जब कोई बातचीत होती है, तो मुख्य पक्ष (रूस और यूक्रेन) को उस बातचीत में शामिल होना पड़ता है. 

पीएम मोदी ने कहा था- ये युद्ध का युग नहीं

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की रूस और यूक्रेन यात्राओं का हवाला दिया और बताया कि कैसे भारतीय नेता ने एक बार रूसी राष्ट्रपति से कहा था कि ये युद्ध का युग नहीं है. जयशंकर ने कहा कि हमें नहीं लगता कि आपको युद्ध के मैदान से कोई समाधान मिलेगा. यदि आप सलाह चाहते हैं, तो हम हमेशा देने के लिए तैयार हैं.

मंत्री ने क्वाड के बारे में भी बात की, जिसे उन्होंने एक सफल प्रयोग बताया. क्वाड भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के बीच एक रणनीतिक सुरक्षा वार्ता है. उन्होंने कहा कि हमने क्वाड को पुनर्जीवित किया है. ये एक प्रमुख कूटनीतिक मंच है और भारत इसके लिए प्रतिबद्ध है.

रूस के राष्ट्रपति ने जंग खत्म करने को लेकर दिया था बड़ा बयान

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले गुरुवार को था कहा कि भारत उन तीन देशों में शामिल है जिनके साथ वह यूक्रेन संघर्ष को लेकर लगातार संपर्क में हैं और कहा कि वे इस मुद्दे को सुलझाने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन वार्ता जारी रखने की इच्छा रखता है, तो मैं ऐसा कर सकता हूं. पुतिन ये बयान प्रधानमंत्री मोदी की यूक्रेन की ऐतिहासिक यात्रा के दो सप्ताह के बाद आई है, जहां उन्होंने राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ बातचीत की थी.

रूस की समाचार एजेंसी TASS ने पुतिन के हवाले से कहा कि हम अपने मित्रों और साझेदारों का सम्मान करते हैं, जो, मेरा मानना ​​है. इस संघर्ष से जुड़े सभी मुद्दों को ईमानदारी से हल करना चाहते हैं, जिनमें मुख्य रूप से चीन, ब्राजील और भारत शामिल हैं. मैं इस मुद्दे पर अपने सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क में रहता हूं.

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले महीने यूक्रेन की अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से कहा था कि यूक्रेन और रूस को बिना समय बर्बाद किए साथ बैठकर चल रहे युद्ध को समाप्त करना चाहिए तथा भारत क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है.