रूस के मेडिकल कॉलेज में चाकूबाजी से मचा हड़कंप! 4 भारतीय छात्र हमले में घायल

रूस में रह रहे चार भारतीय समेत कई अन्य लोगों पर शनिवार को ताबतोड़ हमले हुए. इस हमले के बाद से रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में टेंशन का माहौल है.

X Screen Grab (@AdityaRajKaul)
Shanu Sharma

नई दिल्ली: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की एक यूनिवर्सिटी में विदेशी छात्रों पर हमले की खबर आ रही है.  भारतीय दूतावास ने बताया कि शनिवार को हॉस्टल के अंदर एक स्पोर्ट्स हॉल में चाकूबाजी की गई. इस घटना में चार भारतीय छात्र सहित कई लोग घायल हो गए हैं.

पुलिस द्वारा मिल रही जानकारी के मुताबिक बीच-बचाव करने की कोशिश में दो सुरक्षाकर्मी भी  घायल हो गए  हैं. यह मामला  बश्कोर्तोस्तान की राजधानी ऊफा में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के एक हॉस्टल में हुआ है. इस घटना से रूस में रह रहे विदेशी छात्रों में डर का माहौल है.

रूस में भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर सवाल

रूस के आंतरिक मंत्रालय ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक चाकू से लैस 15 साल का एक लड़का मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में घुस गया और वहां रहने वाले छात्रों पर हमला कर दिया. इस हमले में कई लोग घायल हो गए  हैं.

वहीं आंतरिक मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्का ने RTVI.com वेब पोर्टल को बताया कि इस दौरान जब पुलिस अधिकारी उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे थे, तब उन्होंने उनपर भी हमला कर उन्हें नुकसान पहुंचाया. इस पूरे घटना का कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक वीडियो में पुलिस अधिकारी बर्फ की मोटी परतों के बीच एक घायल व्यक्ति को उठाकर ले जाता नजर आ रहा है. 

रूस के भारतीय दूतावास ने क्या कहा? 

इस मामले की जानकारी देते हुए मॉस्को में भारतीय दूतावास ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भारत के चार छात्र समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले पर स्थानीय अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि वह खुद घायल छात्रों की मदद के लिए ऊफा जा रहे हैं.

घटना को सामने से देखने वाले लोगों ने बताया  कि इस हमले के बाद चारो तरफ खून ही खून नजर आ रहा था. हालांकि हॉस्टल के  कर्मचारियों ने घायलों को तुरंत मदद पहुंचाने की कोशिश की है. हालांकि इस मामले के पीछे अभी किसी भी कारण का खुलासा नहीं हो पाया है. हालांकि कुछ रूसी सूत्रों का कहना है कि हमलावर एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा था. इस हमले के बाद से रूस में रह रहे विदेशी लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.