नई दिल्ली: आज उत्तर भारत में मौसम फिलहाल राहत भरा बना हुआ है. धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे सर्दी का असर कम महसूस हो रहा है. हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह राहत अस्थायी है. अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका सीधा असर पहाड़ी राज्यों पर पड़ेगा और इसका प्रभाव मैदानी इलाकों तक महसूस किया जाएगा.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से उत्तर भारत में मौसम करवट लेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और सर्द हवाएं चलेंगी. दिल्ली, यूपी, हरियाणा और पंजाब में सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी, जबकि दिन में बादलों और हवाओं के कारण मौसम बदला-बदला रहेगा.
दिल्ली में रविवार को आसमान साफ रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है. यूपी, हरियाणा और पंजाब में दिन के समय धूप राहत देगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी.
राजस्थान में अगले 48 घंटे मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि 9 फरवरी के बाद बादलों की आवाजाही संभव है. बिहार में धूप और पछुआ हवाओं के कारण मौसम सामान्य बना रहेगा. न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 24-25 डिग्री के बीच रह सकता है. मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी दिन गर्म और सुबह-शाम ठंडी रहेगी.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 11 फरवरी तक मौसम सबसे ज्यादा प्रभावी रहेगा. कई इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और बर्फबारी की संभावना है. जम्मू-कश्मीर की घाटियों में भी बर्फ गिरने से तापमान शून्य से नीचे जा सकता है. मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है.