West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Nepal GEN Z Protest: नेपाल में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के घर में लगाई आग, हमले का वीडियो आया सामने

नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं. राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के निजी आवास पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर आगजनी की. गृहमंत्री और कृषि मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है. जिससे भारी दबाव के बाद सरकार ने सोशल मीडिया बैन वापस ले लिया है और प्रधानमंत्री ओली ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है.

Social Media
Km Jaya

Nepal GEN Z Protest: नेपाल में सोशल मीडिया बैन को लेकर भड़के विरोध प्रदर्शनों ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया. राजधानी काठमांडू में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के निजी आवास पर धावा बोल दिया और वहां आगजनी कर दी. जिससे वहां पर आग की लपटें उठने लगीं. वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारियों ने आवास में तोड़फोड़ की. 

यह घटना उस समय हुई जब एक दिन पहले ही पुलिस फायरिंग में 19 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई थी. ये प्रदर्शन मुख्य रूप से जनरेशन-जेड के युवाओं द्वारा किए जा रहे हैं, जो पूर्व प्रधानमंत्री और मौजूदा पीएम केपी ओली सरकार के सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं. सरकार ने हाल ही में 26 सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर पाबंदी लगाई थी, जिसके खिलाफ देशभर में गुस्सा भड़क उठा.

देखें वीडियो

अंतरराष्ट्रीय दबाव और जनाक्रोश

अंतरराष्ट्रीय दबाव और जनाक्रोश बढ़ने के बाद सरकार को सोमवार देर रात सोशल मीडिया बैन का आदेश वापस लेना पड़ा. बावजूद इसके, प्रदर्शन हिंसक होते जा रहे हैं. राष्ट्रपति पौडेल का आवास जलाए जाने की घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है.

फायरिंग में हुई मौतों पर शोक

प्रधानमंत्री ओली ने पुलिस फायरिंग में हुई मौतों पर शोक जताते हुए कहा, 'शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में कुछ अवांछित तत्वों ने घुसपैठ की, जिसके कारण हिंसा भड़की.' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का मकसद सोशल मीडिया साइटों को बंद करना नहीं बल्कि उन्हें नियंत्रित करना था. 

पीएम ओली ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

इस बीच, हालात बिगड़ने के बीच नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक ने सोमवार शाम नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया. मंगलवार सुबह कृषि मंत्री ने भी पद छोड़ दिया. मंत्रियों के इस्तीफों से सरकार पर संकट और गहरा गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री ओली ने सभी दलों की बैठक मंगलवार शाम बुलाई है. प्रधानमंत्री ने अपने बयान में कहा, 'मैं सभी संबंधित दलों से बातचीत कर रहा हूं. आज शाम 6 बजे सर्वदलीय बैठक रखी गई है. मैं सभी भाइयों-बहनों से इस कठिन परिस्थिति में शांति बनाए रखने की अपील करता हूं.'