अमेरिका अपने 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक विशेष स्मारक पासपोर्ट जारी करने की तैयारी कर रहा है. यह लिमिटेड एडिशन पासपोर्ट अपनी अनूठी डिजाइन को लेकर चर्चा में है, क्योंकि इसके एक हिस्से पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर दिखाई देगी.
पासपोर्ट के दूसरे हिस्से में वर्ष 1776 में हस्ताक्षरित अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा पत्र और उस दौर से जुड़े ऐतिहासिक प्रतीकों को स्थान दिया गया है. इस विशेष डिजाइन को राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से चर्चा का विषय बन गया.
डोनाल्ड ट्रंप ने पासपोर्ट की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि अमेरिका में आपका स्वागत है, लेकिन अच्छे से रहिए. साझा किए गए डिजाइन में ट्रंप गंभीर मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे पृष्ठ पर 'यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका 250' अंकित है. इस डिजाइन का उद्देश्य अमेरिका की 250 वर्ष की स्वतंत्रता यात्रा को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाना बताया जा रहा है. व्हाइट हाउस ने भी इसी डिजाइन को साझा करते हुए इसे 'पैट्रियट पासपोर्ट' नाम दिया है.
अमेरिकी विदेश विभाग पहले ही घोषणा कर चुका है कि 6 जुलाई के बाद इस विशेष डिजाइन वाले पासपोर्ट के लिए आवेदन किए जा सकेंगे. जानकारी के अनुसार, यह पासपोर्ट सीमित संख्या में जारी किए जाएंगे और मुख्य रूप से वाशिंगटन में व्यक्तिगत आवेदन करने वाले लोगों को उपलब्ध कराए जाएंगे. सरकार का कहना है कि निर्धारित संख्या पूरी होने के बाद इस संस्करण का दोबारा उत्पादन नहीं किया जाएगा. इसी कारण इसे एक स्मारक और संग्रहणीय दस्तावेज के रूप में भी देखा जा रहा है.
राष्ट्रपति बनने से पहले ही डोनाल्ड ट्रंप अपनी अलग कार्यशैली और व्यक्तिगत ब्रांडिंग के लिए जाने जाते रहे हैं. दूसरे कार्यकाल में भी उन्होंने कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिनसे उनकी राजनीतिक और व्यक्तिगत पहचान को अधिक प्रमुखता मिली है. व्हाइट हाउस लौटने के बाद उन्होंने सरकारी इमारतों पर बड़े प्रचार बैनर लगाने सहित कई प्रतीकात्मक बदलावों की शुरुआत की. इसके अलावा कुछ राष्ट्रीय संस्थानों के साथ अपना नाम जोड़ने की कोशिश भी चर्चा का विषय बनी, हालांकि इनमें से कुछ कदमों पर कानूनी आपत्तियां भी सामने आईं.