G7 समिट में हिस्सा लेने PM मोदी पहुंचे फ्रांस, मैक्रों ने किया स्वागत; कई बड़े नेताओं से होगी मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फ्रांस के एवियन शहर पहुंच रहे हैं. वे G7 समिट में भाग लेने के लिए दो दिन का दौरा करेंगे. यह उनकी दो देशों की यात्रा का तीसरा और आखिरी चरण है.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फ्रांस के एवियन शहर पहुंच रहे हैं. वे G7 समिट में भाग लेने के लिए दो दिन का दौरा करेंगे. यह उनकी दो देशों की यात्रा का तीसरा और आखिरी चरण है. एयरपोर्ट पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों खुद पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत करेंगे. समिट में पीएम मोदी “नई साझेदारियां बनाना और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को मजबूत करना” विषय पर चर्चा करेंगे. इस बैठक में G7 देशों के नेता, अन्य साथी देशों के नेता, विश्व बैंक और अफ्रीकी विकास बैंक के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.
समिट के दौरान पीएम मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. शाम को राष्ट्रपति मैक्रों की ओर से गाला डिनर का कार्यक्रम भी रखा गया है.
G7 समिट में भारत की नियमित भागीदारी:
यह यात्रा फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर हो रही है. यह भारत की G7 समिट में 13वीं भागीदारी है और पीएम मोदी की 7वीं लगातार उपस्थिति है. G7 समिट में भारत की नियमित भागीदारी दिखाती है कि दुनिया अब भारत को वैश्विक मुद्दों जैसे शांति, सुरक्षा, विकास और पर्यावरण पर एक महत्वपूर्ण देश मानती है.
Also Read
भारत को माना जा रहा भरोसेमंद पार्टनर:
G7 देश अब भारत को सिर्फ बड़ा बाजार नहीं बल्कि भरोसेमंद पार्टनर मान रहे हैं. हाल ही में भारत-EU व्यापार समझौता, नीस में भारत इनोवेट्स कार्यक्रम और पेरिस में वीवाटेक में भारत को आधिकारिक AI पार्टनर देश चुने जाने जैसे कदम इसी बात को साबित करते हैं. फ्रांस की G7 प्रेसिडेंसी के एजेंडे जैसे AI, अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और असमानता कम करना आदि भारत की ताकत और रुचियों से पूरी तरह मैच करते हैं. यह दौरा भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को मजबूत करेगा. उम्मीद है कि इन बैठकों से भारत को आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक लाभ मिलेगा.