US Israel Iran War

MCG से पीएम मोदी का खेल और साझेदारी का संदेश, भारत-ऑस्ट्रेलिया ने खेल, रक्षा और व्यापार सहयोग को दी नई दिशा

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में युवा क्रिकेटरों से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स सहयोग रोडमैप की घोषणा की. दोनों देशों ने खेल, रक्षा, ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और व्यापार सहित 18 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर कर रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया.

X (@narendramodi)
Shanu Sharma

ऑस्ट्रेलिया के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में से एक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया. यहां उन्होंने युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की और भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को नई ऊंचाई देने के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स सहयोग रोडमैप की शुरुआत करने की घोषणा की. 

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि क्रिकेट दोनों देशों के बीच केवल एक खेल नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव और मित्रता का मजबूत माध्यम है. एमसीजी में कदम रखते ही हर भारतीय के मन में भारत-ऑस्ट्रेलिया मुकाबलों की रोमांचक यादें ताजा हो जाती हैं. 

खेल सहयोग को मिलेगा नया विस्तार

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों में क्रिकेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने वाला साझा जुनून है. उन्होंने कहा कि आज मैदान पर किसी मुकाबले का दबाव नहीं, बल्कि खेल की खुशी, मित्रता की गर्मजोशी और भविष्य के खिलाड़ियों का उत्साह दिखाई दे रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि जब भी उनकी मुलाकात ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से हुई, क्रिकेट दोनों नेताओं के बीच स्वाभाविक संवाद का माध्यम बना. उन्होंने अहमदाबाद में दोनों नेताओं की संयुक्त स्टेडियम यात्रा का भी उल्लेख किया.


प्रधानमंत्री मोदी ने स्पोर्ट्स सहयोग रोडमैप की घोषणा करते हुए कहा कि दोनों देशों की साझेदारी केवल क्रिकेट तक नहीं बल्कि अन्य खेलों में मजबूत करेंगे. उन्होंने बताया कि खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, तकनीक और प्रतिभा विकास जैसे क्षेत्रों में दोनों देश मिलकर काम करेंगे. इससे खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार होंगे और खेलों में सहयोग का दायरा बढ़ेगा. दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के विपक्ष के नेता एंगस टेलर से भी मुलाकात की. विदेश मंत्रालय के अनुसार यह बैठक दोनों देशों के बीच मजबूत द्विदलीय सहयोग और विश्वास का प्रतीक रही.

18 समझौतों पर लगी मुहर

ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा, ऊर्जा, साइबर तकनीक, महत्वपूर्ण खनिज, आपूर्ति श्रृंखला और निवेश सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कुल 18 समझौतों पर हस्ताक्षर किए. दोनों प्रधानमंत्रियों ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया. इसके अलावा नागरिक परमाणु ऊर्जा सहयोग के तहत ऑस्ट्रेलिया से भारत को यूरेनियम की व्यावसायिक आपूर्ति का मार्ग भी साफ हुआ, जिससे भारत की परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं को बल मिलेगा. प्रधानमंत्री मोदी ने प्रस्तावित भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की आवश्यकता बताई. उनका कहना था कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति मिलेगी.