COP28 Summit: मोदी-मेलोनी की 'Melodi', इटली की पीएम के साथ वायरल हुई PM मोदी की सेल्फी

दुबई में COP28 जलवायु कार्रवाई सम्मेलन में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष जियोर्जिया मेलोनी के साथ सेल्फी के लिए पोज दिया. दोनों की दोस्ती देखने लायक रही.

Antriksh Singh

COP28 Summit: दुबई में COP28 क्लाइमेट एक्शन समिट में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अपनी इतालवी समकक्ष जियोर्जिया मेलोनी के साथ कमेस्ट्री काफी शानदार रही है. दोनों नेताओं ने सेल्फी लेते हुए खुशी के पल बिताए, जिनको मेलोनी ने मेलोडी का कैप्शन दिया. कुछ ही देर में मेलोडी सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी करने लगा.

46 वर्षीय इतालवी नेता ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी को अपने इंस्टाग्राम व एक्स हैंडल पर पोस्ट किया और पोस्ट को कैप्शन दिया, "COP28 पर अच्छे दोस्त," हैशटैग '#Melodi' के साथ.  खबर लिखे जाने तक पोस्ट पर एक लाख से ज्यादा लोगों के लाइक्स आ चुके थे.

इतालवी नेता ने 17 सितंबर को 73वें जन्मदिन पर भी पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं थी. एक ट्वीट में उन्होंने पीएम मोदी को "दोस्त" कहा.

मार्च में, मेलोनी ने भारत की अपनी पहली यात्रा की और पीएम मोदी की प्रशंसा की. उन्होंने मोदी को दुनिया भर के सभी नेताओं में सबसे प्यारा भी कहा था.

इतालवी नेता की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के साथ हुई.

मेलोनी ने कहा था, "पीएम मोदी दुनिया भर के सभी (नेताओं) में सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं. यह वास्तव में साबित होता है कि वह एक प्रमुख नेता रहे हैं और इसके लिए उन्हें बधाई."

वहीं, पीएम मोदी ने मेलोनी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें इटली की पहली महिला और सबसे कम उम्र की प्रधान मंत्री बनने पर बधाई दी थी.

पीएम मोदी ने कहा था, "मैं इटली की प्रधान मंत्री जियोर्जिया मेलोनी की भारत की पहली यात्रा पर स्वागत करता हूं. पिछले साल के चुनावों में इटली के लोगों ने उन्हें वोट दिया और वह पहली महिला और सबसे कम उम्र की इतालवी प्रधान मंत्री बनीं. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मैं उन्हें भारतीयों की ओर से बधाई देता हूं."