नदी किनारे मिली लाश से सोने की बालियां निकालते दिखे लोग, नेपाल बाढ़ के बीच शर्मनाक VIDEO VIRAL
नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद नारायणी नदी किनारे मिली एक लाश से सोने की बालियां निकालते कुछ लोग कैमरे में दिखे.
नेपाल में बाढ़ और तबाही के बीच एक बेहद शर्मनाक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में कुछ लोग नारायणी नदी के किनारे पड़ी एक लाश से सोने के गहने चुराते नजर आए. वीडियो में वह लोग ड़डे से उस लाश के सिर को इधर-उधर करके सोना निकालते दिखें.
नारायणी नदी के किनारे लाश से गहने निकालते दिखे लोग
नारायणी नदी में बाढ़ के तेज बहाव के बाद किनारे पर मलबे के बीच एक शव पड़ा दिखाई दिया. इसी दौरान कुछ लोग शव के पास पहुंचे और उससे सोने की बालियां निकालते नजर आए. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें पाप तथा सजा की याद दिलाई.
चितवन में सबसे ज्यादा मौतें
नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. अब तक 359 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 132 शव चितवन जिले से मिले हैं. बड़ी संख्या में शव मिलने के कारण उन्हें सुरक्षित रखने के लिए भी जगह की कमी हो रही है. चितवन के शवगृह में एक समय में करीब 50 शव रखने की क्षमता बताई गई है. ऐसे में प्रशासन के सामने मृतकों की पहचान, शवों को सुरक्षित रखने और उनके परिवारों तक जानकारी पहुंचाने की बड़ी चुनौती बनी हुई है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव का काम भी लगातार चल रहा है.
Also Read
1,500 लोग लापता
बाढ़ के बाद नेपाल में करीब 1,500 लोगों की तलाश की जा रही है. इनमें भारत के 288 नागरिक भी शामिल हैं, जिनसे अभी संपर्क नहीं हो पाया है. त्रिशूली-1 पावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले 73 भारतीय भी लापता लोगों की सूची में बताए गए हैं. राहत अभियान के दौरान बाढ़ में फंसे 21 भारतीयों को बचाया जा चुका है. वहीं इनमें से 11 की पहचान हो गई है. नेपाल सेना, पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में खोज अभियान चला रही हैं.