menu-icon
India Daily

बाढ़ की तबाही के बीच नई आफत! चीन-नेपाल सीमा पर बैरियर झील टूटी तो मच सकता है जलप्रलय

चीन-नेपाल सीमा पर बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 273 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1,300 से अधिक लोग लापता हैं. नेपाल में भारतीय नागरिकों समेत बड़ी संख्या में लोग लापता हैं.

KanhaiyaaZee
बाढ़ की तबाही के बीच नई आफत! चीन-नेपाल सीमा पर बैरियर झील टूटी तो मच सकता है जलप्रलय
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: चीन-नेपाल सीमा क्षेत्र में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन ने हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं. आपदा में सैकड़ों लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 1,300 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. इसी बीच नेपाल में छोचेन खोला और पुरेपु त्सांगपो नदियों के संगम के पास बनी एक बैरियर झील ने नई चिंता बढ़ा दी है. चीनी अधिकारियों के मुताबिक झील पर अगले तीन दिनों में टूटने का खतरा बना हुआ है.

चीनी जल संसाधन मंत्रालय के अनुसार गुरुवार सुबह तक झील में करीब 20 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका था और पानी पहले ही बाहर बहने लगा था. अगले तीन दिनों में करीब 30 लाख घन मीटर अतिरिक्त पानी झील में पहुंचने का अनुमान है. इससे झील के टूटने का खतरा बढ़ गया है. अधिकारी लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं और संभावित स्थिति का आकलन कर रहे हैं.

टूटने पर बढ़ सकती है तबाही

चीनी प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए बाढ़ की स्थिति के मॉडल और जोखिम आकलन शुरू किए हैं. इनका उद्देश्य झील के टूटने की स्थिति में संभावित असर को समझना और बचाव अभियान की तैयारी करना है. अधिकारियों के अनुसार आपातकालीन टीमों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं. लगातार बारिश, दुर्गम इलाका और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा राहत एवं बचाव अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना रहा है.

नेपाल में 270 मौतें, 826 लोग लापता

नेपाल पुलिस के मुताबिक देश में कम से कम 270 लोगों की मौत हुई है और 826 लोग अभी लापता हैं. नेशनल टूरिज्म बोर्ड ने बताया कि लापता विदेशी नागरिकों की संख्या 517 है. इनमें पर्यटक और तीर्थयात्री शामिल हैं. भारत से 288 लोगों के लापता होने की सूचना है. इनमें ज्यादातर कैलाश पर्वत की यात्रा पर जाने वाले लोग बताए जा रहे हैं.

कई देशों के नागरिक भी प्रभावित

लापता विदेशी नागरिकों में अमेरिका के 65, मलेशिया के 51, यूक्रेन के 53, ऑस्ट्रेलिया के 35 और ब्रिटेन के 33 नागरिक शामिल बताए गए हैं. चीन के ग्यिरोंग काउंटी में तीन मौतों और 558 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है. इनमें 260 विदेशी नागरिक हैं. चीन के विदेश मंत्रालय के अनुसार नेपाल की तरफ भी करीब 100 चीनी नागरिक लापता हैं.

राहत अभियान के सामने बड़ी चुनौतियां

चीन ने प्रभावित इलाकों में आपातकालीन बचाव दल, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के जवान, इंजीनियरिंग टीमें, दूरसंचार कर्मी और राहत संगठनों को लगाया है. दूसरी ओर नेपाल में भी खोज और बचाव अभियान जारी है. लेकिन खराब मौसम और लगातार बारिश से मुश्किलें बनी हुई हैं. अधिकारियों को आशंका है कि आगे भी भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाएं हो सकती हैं, इसलिए बचाव दलों को बेहद सावधानी से अभियान चलाना पड़ रहा है.