menu-icon
India Daily

जिंदा दफन हो गए 2000 लोग, आंखों के सामने धंस गया पूरा गांव, रुला देगी पपुआ न्यू गिनी लैंडस्लाइड की कहानी 

Landslide: पापुआ न्यू गिनी में 4 दिन पहले हुए भूस्खलन के बाद अभी तक लोग मलबे में दबे हुए हैं. अब आशंका जताई जा रही है कि ज्यादातर लोग मारे गए हैं क्योंकि कई दिन का समय निकल चुका है.

India Daily Live
जिंदा दफन हो गए 2000 लोग, आंखों के सामने धंस गया पूरा गांव, रुला देगी पपुआ न्यू गिनी लैंडस्लाइड की कहानी 
Courtesy: Papua New Guina Media X Handles

ऑस्ट्रेलिया के बगल में एक छोटे से द्वीप पर बसा देश है पापुआ न्यू गिनी. इसी देश के एन्गा प्रांत में हुए भूस्खलन में एक पूरा का पूरा गांव रात के समय ढह गया. हादसा इतना भीषण था कि गांव के लगभग दो हजार लोग जमीन में घंस गए. वहां की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आशंका जताई जा रही है कि अब इन लोगों का जिंदा बच पाना मुश्किल है. सामने आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि पहाड़ी इलाके पर बसा एक पूरा गांव पहाड़ के टूटकर धंस जाने से तबाह हो गया है. हजारों लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं जिनको निकालने के लिए प्रयास लगातार जारी हैं.

हैरानी की बात यह है कि अभी भी यहां की जमीन खिसक रही है. इसका नतीजा यह हो रहा है कि लगातार पानी बह रहा है और रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है. बताया गया है कि जो इलाका भूस्खलन से प्रभावित हुआ है वहां लगभग 4000 लोग रह रहे थे. यह भी कहा जा रहा है कि पड़ोसी इलाकों में आदिवासी संघर्ष के चलते आसपास के लोग भी इसी इलाके में आ गए थे जिसके चलते एकसाथ इतने लोग हादसे का शिकार हो गए.

अभी भी धंस रही है जमीन, टूट रहे हैं पहाड़

रिपोर्ट के मुताबिक, पहाड़ का हिस्सा टूटने और जमीन धंसने की वजह से लगभग 20 से 30 फीट मलबा जमा हो गया है. स्थानीय लोग बेलचे, फावड़े और अन्य चीजों से मिट्टी हटाने में भी लगे हुए हैं लेकिन इसमें भी मुश्किल आ रही है. 24 मई को हुए इस हादसे के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और अभी तक सैकड़ों लोगों की मौत भी हो चुकी है. लगातार जमीन धंसने की वजह से आसपास के इलाके को भी खाली करवाया जा रहा है और लगभग 8 हजार लोगों को वहां से निकाला जा रहा है.

स्थानीय लोग बताते हैं, 'आप अभी भी पहाड़ों के टूटने, पेड़ों के गिरने और जमीन धंसने की आवाज सुन सकते हैं. यह ऐसा लग रहा है जैसे बम धमाके हो रहे हों. इस इलाके में भारी संख्या में लोग रहते थे, कारोबार करते थे, चर्च थे, स्कूल थे लेकिन एक ही झटके में सब तबाह हो गया.' ऑस्ट्रेलिया की सरकार के अलावा कई अन्य देशों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके. हालांकि, समय बीतने के साथ ही लोगों के बचने की संभावनाएं कम होती जा रही हैं.

रेस्क्यू हो रहा मुश्किल

यहां के हालात के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन और मुश्किल हो रहा है. सोमवार यानी 27 मई तक सिर्फ 5 लोगों के शव निकाले जा सके थे. एक महिला ने बताया कि उसके परिवार के 18 लोग इसी मिट्टी में दफन हो गए हैं. एक और महिला ने बताया कि उनके चार बच्चे सो रहे थे और जब तक वह उन्हें जगा पातीं तब तक वे मिट्टी में दफन हो चुके थे.