तालिबान के खिलाफ पाकिस्तान का 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' जारी, हवाई हमलों में 213 टैंक ध्वस्त! 583 लड़ाकों को मारने का दावा

पाकिस्तान और तालिबान के बीच जंग का माहौल है. पाक सैनिकों ने एक बार फिर से 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' के तहत अफगानिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया है.

X (@ortadogu2110)
Shanu Sharma

नई दिल्ली: दुनिया में कई देशों के बीच जंग का माहौल है. एक ओर जहां ईरान, अमेरिका, इजरायल और मिडिल ईस्ट कई देश इस वक्त जंग के मैदान में खड़े हैं, वहीं पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है. मिल रही जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' के तहत अफगान तालिबान को बड़ा नुकसान पहुंचाया है.

पाकिस्तान का दावा है कि 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' के तहत सीमा पार से आने वाले आतंकवाद को रोका जा रहा है. यह ऑपरेशन पाकिस्तान द्वारा 26 फरवरी को शुरु किया गया था. यह एक अरबी नाम है, जिसका मतलब 'हक के लिए गजब' या 'न्यायपूर्ण क्रोध' है. 

तालिबान के ठिकानों पर ताबतोड़ हमला

अफगानिस्तान के तालिबानियों ने पहले सीमा पर 53 जगहों पर हमले किए थे. इन हमलों को लेकर पाकिस्तान का कहना है कि ये हमले बिना किसी वजह के लिए गए हैं, इसलिए जवाबी कार्रवाई जरूरी है. पाक सेना की ओर से यह कहा जा रहा है कि यह अभियान तब तक चलेगा, जब तक सीमा से आतंक का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता. पाकिस्तानी सेना ने हवाई और जमीनी दोनों हमलों से तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाया.

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर बताया कि अब तक 583 अफगान तालिबान लड़ाके पाकिस्तान हमले में मारे गए हैं. इसके साथ उन्होंने 795 लड़ाके के घायल होने का भी दावा किया है. पाकिस्तान के सैनिकों का दावा है कि उन्होंने तालिबान की 242 चेक पोस्ट पूरी तरह तबाह कर दीं, जबकि 38 अन्य पोस्टों पर कब्जा करने के बाद उन्हें भी नष्ट कर दिया. 

पाकिस्तानी सैनिकों ने की पुष्टि

पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक हवाई हमलों से तालिबान के 213 टैंक, बख्तरबंद गाड़ियां और तोपें तबाह हो गई. पाक द्वारा कुल 64 ठिकानों पर हवाई हमले किए गए. हालांकि यह आंकड़ा केवल पाकिस्तानी पक्ष की ओर से बताया जा रहा है. तालिबानी सरकार की ओर से कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

देश में चल रहे तनाव के बीच पाक सुरक्षा बलों ने सीमा पर से TTP के तीन आतंकवादियों की घुसपैठ को रोक दिया. इस दौरान हुई गोलीबारी में एक आतंकी की मौत हो गई, वहीं दो घायल हो गए हालांकि पाक सेना उन्हें पकड़ नहीं पाई. पाकिस्तान की ओर से साफ कहा गया कि आतंकवाद खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाए जाते रहेंगे. वहीं अफगानिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई है. दोनों एक दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगा रहे हैं.