किसी की बेटी, किसी की बहन... पाकिस्तान में गायब हो रहीं लड़कियां; सिर्फ पंजाब में 50 हजार से ज्यादा दर्ज हुए केस
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में महिलाओं के लापता होने और अपहरण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. 2026 के पहले 10 महीनों में 22,396 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 1,781 महिलाएं अब भी लापता हैं.
पाकिस्तान में लड़कियों और महिलाओं के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. खासकर पंजाब प्रांत से सामने आए आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं. यहां महिलाओं के अपहरण और गुमशुदगी से जुड़ी हजारों शिकायतें दर्ज हुई हैं, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाएं अब भी लापता हैं. कई मामलों में परिवारों को अपनी बेटियों की तलाश के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब पुलिस ने लाहौर हाई कोर्ट में पेश रिपोर्ट में बताया कि साल 2021 से 2025 के बीच महिलाओं के अपहरण के 3,258 मामले दर्ज किए गए. इनमें से 2,871 महिलाओं को बरामद कर लिया गया, जबकि 387 महिलाएं अब भी लापता हैं.
2026 के 10 महीनों में 22 हजार से ज्यादा शिकायतें
पंजाब पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 के बीच महिलाओं के अपहरण से जुड़ी 22,396 शिकायतें दर्ज की गईं. इनमें से 20,615 महिलाओं को बरामद किया गया, जबकि 1,781 महिलाओं की तलाश जारी है. पुलिस ने 9 से 23 नवंबर के बीच 933 महिलाओं को बरामद करने की जानकारी भी दी है. साल 2025 में 130, 2024 में 98, 2023 में 66, 2022 में 47 और 2021 में 46 महिलाएं अब तक लापता बताई गई हैं.
Also Read
लाहौर हाई कोर्ट ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
यह मामला फैसलाबाद की रहने वाली सादिया हुसैन की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया. उन्होंने अपनी लापता बेटी की तलाश के लिए अदालत का रुख किया था. सुनवाई के दौरान पंजाब के पुलिस प्रमुख आईजीपी अब्दुल करीम ने बताया कि उनकी बेटी को बरामद कर लिया गया है.
मुख्य न्यायाधीश आलिया नीलम ने पुलिस से पूछा कि पंजाब में लड़कियों के लापता होने के कितने मामले लंबित हैं. इस पर पुलिस प्रमुख ने 500 से ज्यादा मामले लंबित होने की जानकारी दी. अदालत ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि पुलिस अदालत के हस्तक्षेप के बाद ही सक्रिय होती है.
366 पुलिस अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में लापरवाही के आरोप में 366 जांच अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है. वहीं, 395 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और 80 अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई है.
लापता महिलाओं की तलाश के लिए पंजाब पुलिस ने अन्य प्रांतों की पुलिस और संघीय जांच एजेंसी (FIA) से भी मदद मांगी है. पासपोर्ट, वीजा, इमिग्रेशन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
जबरन शादी और मानव तस्करी की आशंका
महिलाओं के लापता होने के पीछे जबरन शादी, यौन शोषण और मानव तस्करी जैसी वजहों की आशंका जताई जा रही है. कुछ लड़कियां जबरन शादी से बचने के लिए घर छोड़ देती हैं, जबकि कई मामलों में अपहरण की शिकायतें भी सामने आती हैं. अब लाहौर हाई कोर्ट ने पुलिस से विस्तृत प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी है. मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी. यह संकट पाकिस्तान में महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.