क्या फ्लाईदुबई प्लेन के इंजन बंद कर सऊदी रेगिस्तान में विमान गिराना चाहता था को-पायलट? सामने आया बड़ा खुलासा
फ्लाईदुबई विमान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट पर पहले विमान को तेल अवीव में क्रैश कराने की योजना बनाने का आरोप है. हालांकि, ईंधन कटऑफ से जुड़ा दावा अभी जांच का विषय है.
फ्लाईदुबई के विमान में भारतीय पायलट पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी को लेकर जांच में एक और बेहद गंभीर जानकारी सामने आई है. जांच के मुताबिक को-पायलट ने विमान के ऑटोपायलट को बंद कर उसे तेज गोता लगाने पर मजबूर किया और संभव है कि उसने इंजन की ईंधन आपूर्ति भी काटने की कोशिश की हो.
रिपोर्ट में दावा है कि उसने विमान को सऊदी अरब के रेगिस्तान में गिराने की कोशिश की, क्योंकि उसका कथित मूल प्लान इजरायल के तेल अवीव में विमान को क्रैश कराने का था. आरोप है कि हम्मामी ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर क्रैश एक्स से कई बार हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की.
घायल कैप्टन ने क्या किया?
घायल कैप्टन ने ऐसी व्यवस्था सक्रिय की, जिससे कॉकपिट का दरवाजा खोला जा सका और यात्रियों को अंदर पहुंचकर हस्तक्षेप करने का मौका मिला. रिपोर्ट के अनुसार को-पायलट ने ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट करने के बाद विमान को बेहद तेज गति से नीचे ले जाने की कोशिश की. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विमान ने एक मिनट से भी कम समय में करीब 16,000 फीट की ऊंचाई खो दी. इस दौरान विमान को सऊदी रेगिस्तान की ओर ले जाने की कोशिश किए जाने की आशंका है.
Also Read
जांच में क्या आया है सामने?
जांच में एक और चौंकाने वाली संभावना सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, दो बोइंग 737 कैप्टनों ने विमान के अंदर बनाए गए वीडियो की जांच की और यात्री केबिन में अचानक इमरजेंसी लाइट जलने पर सवाल उठाया. विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्य क्रूज के दौरान ऐसी लाइट अपने आप नहीं जलती. अगर विमान की मुख्य बिजली आपूर्ति बंद हो जाए और सिस्टम बैटरी पावर पर चला जाए, तो इमरजेंसी लाइट सक्रिय हो सकती है.
जांचकर्ताओं को क्या है शक?
इसी आधार पर जांचकर्ताओं को शक है कि को-पायलट ने विमान के इंजन की ईंधन आपूर्ति से जुड़े स्विच को Run से Cutoff स्थिति में करने की कोशिश की हो सकती है. हालांकि, यह अभी जांच का विषय है और इस संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच में यात्री गवाहियों, क्रू की रिपोर्ट, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े लोगों, एयरपोर्ट कर्मचारियों और घटना से संबंधित अन्य डेटा का इस्तेमाल किया जा रहा है.
इस मामले में को-पायलट के कथित चरमपंथी विचारों को लेकर भी जांच हुई है. रिपोर्ट के अनुसार हम्मामी ओमान का नागरिक है, लेकिन उसने काफी समय देश से बाहर बिताया, खासकर सीरिया में, जहां उसकी मां रहती थीं. दावा है कि वहीं उसके विचार कट्टरपंथ की ओर बढ़े. साल 2024 में Oman Air के साथ काम करने के दौरान उसके पास कथित तौर पर चरमपंथी सामग्री भी मिली थी. इसके बाद उसे ओमान में उड़ान भरने से प्रतिबंधित किए जाने की बात सामने आई है.
हम्मामी ने पूछताछ के दौरान क्या बताया?
सऊदी अधिकारियों की पूछताछ के दौरान हम्मामी ने कथित तौर पर विमान को इजरायल में गिराने की इच्छा और मौत से डर नहीं लगने की बात स्वीकार की. वहीं, संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने इस घटना को कथित आतंकवादी कृत्य बताया है. UAE की सरकारी समाचार एजेंसी WAM के हवाले से कहा गया कि को-पायलट ने कॉकपिट में क्रैश एक्स से कैप्टन पर हमला किया और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की.
फिलहाल इस पूरे मामले में जांच जारी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या को-पायलट ने वास्तव में इंजन की ईंधन आपूर्ति बंद करने की कोशिश की थी और विमान को सऊदी रेगिस्तान में जानबूझकर गिराने का प्रयास किया था. जांच पूरी होने के बाद ही इस दावे की पुष्टि हो सकेगी.