NBA फाइनल से पहले न्यूयॉर्क पेन स्टेशन पर चाकू से हमला, 6 लोग घायल

न्यूयॉर्क के पेन स्टेशन पर चाकू मारने की घटना हुई. इस दौरान 6 लोग घायल हो गए. इस घटना को लेकर चिंता बहुत ज्यादा बढ़ गई है, क्योंकि इसी शहर में NBA फाइनल होने वाला है.

Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: रविवार शाम न्यूयॉर्क के पेन स्टेशन पर चाकू मारने की घटना हुई. इस दौरान 6 लोग घायल हो गए. इस घटना को लेकर चिंता बहुत ज्यादा बढ़ गई है, क्योंकि इसी शहर में NBA फाइनल होने वाला है. इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल होंगे. बता दें कि यह हमला मैडिसन स्क्वायर गार्डन के आस-पास कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ है. 

बता दें कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन इंटरसिटी रेलरोड स्टेशन के ठीक ऊपर है. यहां न्यूयॉर्क निक्स सोमवार और बुधवार को गेम 3 और 4 के लिए सैन एंटोनियो स्पर्स की मेजबानी कर रहा है. न्यूयॉर्क सिटी फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि उन्हें शाम करीब 7 बजे वेस्ट 33rd स्ट्रीट और 7th एवेन्यू पर कई लोगों के चाकू से घायल होने की सूचना मिली.

एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल:

फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. बाकी के लोगों को मामूली चोटें आई हैं. कानून प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि इन पांचों को बेलेव्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से किसी को भी जानलेवा चोट नहीं आई है. कानून प्रवर्तन अधिकारी के अनुसार, एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है.

जोहरान मम्दानी ने दिया बयान: 

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान मम्दानी ने इस पर बयान देते हुए कहा कि एमट्रैक सर्विस पर कोई असर नहीं पड़ा है. इसके साथ ही कहा, "मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो घायल हुए हैं, उनके प्रियजनों के साथ हैं और उन सभी के साथ हैं जो इस अस्वीकार्य हिंसा से सदमे में हैं. मैं सभी पीड़ितों के पूरी तरह और जल्द ठीक होने की कामना करता हूं."

बता दें कि 1999 के बाद यह पहली बार है जब NBA फाइनल मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि ज्यादा सुरक्षा जोखिम वाले माहौल में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है. इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भी नजर रखी जा रही है.