जोहरान ममदानी के न्यूयॉर्क का मेयर बनकर इतिहास रचने पर मां मीरा नायर ने दी ये प्रतिक्रिया
डेमोक्रेट सोशलिस्ट नेता जोहरान ममदानी ने मेयर चुनाव जीता है. जिसके बाद उनकी मां और भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता मीरा नायर ने भी खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है.
भारतीय मूल के डेमोक्रेट सोशलिस्ट नेता जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क मेयर चुनाव जीत कर इतिहास लिख दिया है. डोनाल्ड ट्रंप के पुरजोर विरोध के बाद भी उन्होंने इस चुनाव में झंडा गाड़ा है, जिसे लेकर दुनिया भर में चर्चा हो रही है. बेटे की जीत पर जोहरान ममदानी की मां और भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता मीरा नायर ने भी खुशी जाहिर की है.
मीरा नायर ने जोया अख्तर की इंस्टाग्राम स्टोरी को रिपोस्ट किया है. अख्तर ने अपने स्टोरी पर ज़ोहरान यू ब्यूटी लिख कर दिल और आतिशबाजी वाले इमोजी लगाए. जोहरान ममदानी मात्र 34 साल के हैं, लगभग एक सदी के बाद इतने युवा नेता को भारी बहुमत से जनता ने जीत दिलाई है.
अमेरिका की राजनीति में नया अध्याय
ममदानी की जीत अमेरिका की राजनीति का नया अध्याय बताया जा रहा है. डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले यह धमकी दी थी कि अगर वह जीतते हैं तो फंड रोक दिया जाएगा, हालांकि इसके बाद भी उन्होंने जीत हासिल की है और 1 जनवरी 2026 को शपथ ग्रहण करेंगे. युगांडा में जन्मे ममदानी प्रसिद्ध इतिहासकार महमूद ममदानी और मीरा नायर के बेटे हैं, जिन्होंने क्लासिक सलाम बॉम्बे! का निर्देशन किया था. हालांकि ममदानी के कुछ आलोचक पहले उन्हें नेपो बेबी कहते थे.
Also Read
इस मुकाबले में ममदानी ने पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन कर्टिस स्लीवा को हराया था. जीत के बाद भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी इमोशन शेयर किए हैं. उन्होंने कहा कि मैं आदर्श उम्मीदवार से कोसों दूर हूं. मैं जवान हूं, भले ही मैं बूढ़ा होने की पूरी कोशिश कर रहा हूं. उन्होंने कहा कि मैं मुसलमान हूं, मैं एक लोकतांत्रिक समाजवादी हूं और सबसे बुरी बात यह है कि मैं इन सबके लिए माफी मांगने से इनकार करता हूं.
ममदानी ने बताया बदलाव का जनादेश
ममदानी ने अपनी जीत को रोज़ी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे मजदूरों के लिए एक वरदान बताया है. उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क, आज रात आपने बदलाव का जनादेश दिया है और हर सुबह एक ही उद्देश्य के साथ जागने का संकल्प लिया है. यह संकल्प है कि इस शहर को आपके लिए कल से बेहतर बनाना है.
ममदानी के समर्थकों ने खुशी मनाई और गले मिले, कुछ के आंखों में आंसू भी नजर आएं. समर्थकों ने प्रचार के पोस्टर हवा में लहराया और जीत की खुशी मनाई. इस चुनाव में शहर के काले और भूरे रंग के लोगों ने भारी मात्रा में समर्थन दिया है.