मोदी की तस्वीर के साथ टोना-टोटका, श्मशान के पास मिली तंत्र-मंत्र की सामग्री; पुलिस ने 4 संदिग्धों को पकड़ा
मऊ के दोहरीघाट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर श्मशान घाट के पास कथित टोटका सामग्री के साथ मिलने से हड़कंप मच गया. फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.
मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित तौर पर जादू-टोना करने का मामला सामने आया है. दोहरीघाट कस्बे के मुक्तिधाम स्थित शवदाह स्थल के पास प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर टोटका सामग्री के साथ रखे जाने का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को श्मशान घाट के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर मिली थी. तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, धागा और सिंदूर जैसी सामग्री दिखाई दे रही थी. तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. हालांकि, वायरल फोटो और वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
तस्वीर के आसपास मिली टोटका सामग्री
वायरल तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी की फोटो के ऊपर सुई से छिदे हुए नींबू दिखाई दे रहे हैं. तस्वीर के चारों कोनों पर कलावा बंधे नारियल रखे होने और सिंदूर जैसी सामग्री दिखाई दे रही है. किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.
Also Read
- Deepotsav 2026: अयोध्या में जगमगाएंगे 30 लाख दीये, 56 घाटों पर दिखेगा अद्भुत नजारा; शुरू हुई भव्य तैयारी
- अंबाला से मनाली तक NIA का एक्शन, सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के नकली नोट केस में दो गिरफ्तार
- पागल कुत्ते के काटने से गाय की मौत, उसी के दूध से बना चरणामृत गांव में बंटा, 450 लोगों को लगी रेबीज की वैक्सीन
मामला प्रधानमंत्री से जुड़ा होने के कारण पुलिस और प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी. दोहरीघाट थाने की पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
CCTV और साइबर सेल से जांच
क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी के मुताबिक, मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. साइबर सेल और दोहरीघाट थाने की टीम सोशल मीडिया पर वायरल हुए फोटो और वीडियो के स्रोत का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. थानाध्यक्ष दोहरीघाट रामायण सिंह ने भी मामले की जांच किए जाने की पुष्टि की है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
BJP ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने आपत्ति जताई है. उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए चार संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तस्वीर वहां किसने और किस मकसद से रखी थी.