Nepal Flood Rescue: ‘बचाओ, बचाओ...’ सुरंग के अंदर से आई आवाज, नौ दिन बाद दो मजदूरों का रेस्क्यू; बचाव कार्य जारी
नेपाल के रसुवा जिले में 26 अगस्त की भीषण बाढ़ के बाद त्रिशुली 3ए जलविद्युत संयंत्र की सुरंग में फंसे दो मजदूरों को नौ दिन बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
नई दिल्ली: नेपाल के रसुवा जिले में बाढ़ की तबाही के नौ दिन बाद राहत और बचाव अभियान से बड़ी उम्मीद जगी है. त्रिशुली 3ए जलविद्युत संयंत्र की सुरंग से दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. बचाव दल के मुताबिक, सुरंग के भीतर से कुछ और लोगों के बोलने की आवाजें भी सुनाई दी हैं. इस खबर ने लंबे समय से अपनों का इंतजार कर रहे परिवारों में नई उम्मीद पैदा कर दी है.
40 लोग अब भी लापता
26 अगस्त की आपदा के बाद त्रिशुली 3ए से कम से कम 40 लोग लापता बताए गए थे. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सांसद और इंजीनियर श्री राम नेउपाने ने बचाए गए मजदूरों की पहचान संजय साह और कबीर महर्जन के रूप में की है. साह मैकेनिकल फोरमैन और महर्जन मैकेनिकल सुपरवाइजर हैं. दोनों को सुरंग से एक एक करके बाहर निकाला गया.
सुरंग के भीतर से मिली उम्मीद की आवाज
श्री राम नेउपाने के मुताबिक, बचाव दल जैसे जैसे सुरंग के अंदर आगे बढ़ा, वहां से एक से अधिक आवाजें सुनाई दीं. टीम ने अंदर मौजूद लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही और मदद का भरोसा दिलाया. अंदर से जवाब मिलने के बाद अभियान में जुटे लोगों को उम्मीद हुई कि सुरंग में और भी श्रमिक जीवित हो सकते हैं.
Also Read
सेना और पुलिस ने बढ़ाई रफ्तार
बचाव अभियान में नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल की टीमें लगातार काम कर रही हैं. बाढ़ से बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने, खराब मौसम और सुरंग तक पहुंचने में परेशानी के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. सुरंग में जमा कीचड़ और मलबा हटाने के लिए भारी मशीनों और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
दूसरी परियोजना में मिली दुखद खबर
रसुवा लांगटांग खोला जलविद्युत परियोजना में राहत अभियान के दौरान सुरंग से दो लोगों के शव भी बरामद किए गए हैं. नेपाल सेना की खोज और बचाव टीम सुरंग के भीतर करीब 150 मीटर तक पहुंच चुकी है. 20 मेगावाट की इस परियोजना में तैनात 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिससे उनके परिवारों की चिंता बनी हुई है.
हर खबर के साथ उम्मीद और डर
त्रिशुली 3ए में फंसे श्रमिकों के रिश्तेदार लगातार सरकारी कार्यालयों और सेना मुख्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं. कई परिजन प्रभावित स्थानों तक भी पहुंच रहे हैं. एक इंजीनियर की पत्नी ने बताया कि कई दिन बीत जाने के बावजूद परिवार ने उम्मीद नहीं छोड़ी है. सुरंग से दो लोगों के सुरक्षित निकलने की खबर ने बाकी परिवारों को भी नई आस दी है.
नेपाल में आपदा का बड़ा असर
बाढ़ और उससे जुड़ी तबाही के बाद नेपाल में नुकसान का आंकड़ा लगातार गंभीर बना हुआ है. शुक्रवार तक देश में मृतकों की संख्या 1,259 पहुंच गई थी, जबकि 5,053 लोग अब भी लापता बताए गए. ऐसे में त्रिशुली 3ए से दो मजदूरों का बचाया जाना राहत की बड़ी खबर है. अब बचाव दल की नजर सुरंग के भीतर से आ रही अन्य आवाजों पर है.