सीट समेत 330 फीट उड़ गईं एयर कनाडा की हॉस्टेस, प्लेन-फायर ट्रक टक्कर में भी जिंदा बची; बेटी ने बताया चमत्कार
न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एयर कनाडा के प्लेन की फायर ट्रक से टक्कर में दो पायलटों की मौत हो गई. एक फ्लाइट अटेंडेंट अपनी सीट के साथ 330 फीट दूर फेंकी गईं लेकिन चमत्कारिक रूप से बच गईं.
नई दिल्ली: न्यूयॉर्क के व्यस्त ला गार्डिया एयरपोर्ट पर रविवार देर रात एक भयानक हादसा हो गया. मॉन्ट्रियल से आ रहा एयर कनाडा एक्सप्रेस का प्लेन लैंडिंग के दौरान फायर ट्रक से टकरा गया. इस दुर्घटना में दो युवा पायलटों की जान चली गई, जबकि कई यात्री और क्रू सदस्य घायल हो गए. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि एक फ्लाइट अटेंडेंट अपनी जंप सीट के साथ प्लेन से 330 फीट दूर फेंक दी गईं, लेकिन वे जिंदा बच गईं. उनकी बेटी ने इसे चमत्कार बताया है.
फ्लाइट अटेंडेंट का चमत्कारिक बचाव
सोलांज ट्रेम्ब्ले नाम की इस फ्लाइट अटेंडेंट को उनकी बेटी साराह लेपाइन ने पहचाना. टक्कर के झटके से उनकी सीट प्लेन से अलग होकर 330 फीट दूर जा गिरी. वे अभी भी सीट से बंधी हुई थीं. पैर में कई जगह फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें सर्जरी करानी पड़ेगी. बेटी ने कहा, 'मेरी मां पर निश्चित रूप से कोई गार्डियन एंजेल नजर रख रहा था. यह पूरी तरह से चमत्कार है'
दुर्घटना कैसे हुई
प्लेन में 72 यात्री और चार क्रू सदस्य सवार थे. लैंडिंग के समय एक दूसरा प्लेन अजीब सी गंध की वजह से टेकऑफ छोड़ चुका था. फायर ट्रक उसकी जांच के लिए रनवे पार कर रहा था. एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने ट्रक को रोकने की कोशिश की लेकिन देर हो चुकी थी. प्लेन ट्रक से टकराया और दोनों रनवे पर खिसकते चले गए. कंट्रोलर ने बाद में माना कि उन्होंने गलती की.
पायलटों की पहचान और यात्री अनुभव
मारे गए दोनों पायलट एंटोइन फॉरेस्ट और मैकेंजी गन्थर थे. दोनों युवा थे और हाल ही में अपनी उड़ान सेवा शुरू की थी. एक यात्री रेबेका लिक्वोरी ने बताया कि उतरते समय अचानक तेज ब्रेक लगे और जोरदार धमाका हुआ. यात्री सीटों से उछल पड़े, कई के सिर फट गए और खून बहने लगा. सबने मिलकर विंग से उतरने में एक-दूसरे की मदद की.
अमेरिकी एविएशन की चुनौतियां
यह हादसा अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की कमी के समय हुआ है. सरकारी शटडाउन की वजह से सुरक्षा कर्मियों की भी कमी है, जिससे एयरपोर्ट पर देरी और लंबी कतारें लग रही हैं. जांच एजेंसियां अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं. इस घटना ने एक बार फिर हवाई सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.