किंग चार्ल्स ने TikTok के मशहूर Spud Bros से की मुलाकात, अपनी पसंदीदा आलू टॉपिंग का किया खुलासा
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने TikTok पर मशहूर Spud Bros से मुलाकात के दौरान अपने पसंदीदा आलू टॉपिंग का खुलासा किया. उन्हें चीज और बीन्स का कॉम्बिनेशन पसंद है.
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय ने अपने पसंदीदा खाने को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है. उन्हें बेक्ड आलू यानी जैकेट पोटैटो में चीज और बीन्स का कॉम्बिनेशन पसंद है. उन्होंने यह बात लंकाशायर के प्रेस्टन में लोकप्रिय फूड वैन 'स्पड ब्रदर्स' के दौरे के दौरान बताई. यहां उनकी मुलाकात इसके मालिक जैकब और हार्ले नेल्सन से हुई.
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जैकब ने जब राजा से पूछा कि उन्हें आलू में कौन-सी फिलिंग पसंद है, तो उन्होंने बिना देर किए चीज और बीन्स का नाम लिया. उन्होंने इसे एक क्लासिक कॉम्बिनेशन बताया, जिसका कोई मुकाबला नहीं है. इसके बाद दोनों भाइयों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब उनके इस पसंदीदा टॉपिंग को शाही मंजूरी मिल गई है.
Also Read
आलू की किस्मों और स्थानीय उत्पादों पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान किंग चार्ल्स ने आलू की अलग-अलग किस्मों में भी दिलचस्पी दिखाई. उन्होंने पूछा कि क्या भाई ऐसी किस्मों का इस्तेमाल करते हैं, जो बेक करने पर अच्छी तरह कुरकुरी हो जाती हैं. जैकब और हार्ले ने बताया कि वे आमतौर पर टार्लटन से मिलने वाले मेलोडी आलू का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, सूखे और खराब मौसम के कारण आपूर्ति प्रभावित होने पर उन्हें दूसरी किस्म अपनानी पड़ी. दोनों भाइयों ने यह भी बताया कि वे आलू, मक्खन और चीज जैसी चीजें स्थानीय बाजार से खरीदने की कोशिश करते हैं.
फुटबॉल टीम को लेकर भी हुई हल्की-फुल्की बातचीत
इस दौरान दोनों भाइयों ने किंग चार्ल्स को प्रेस्टन नॉर्थ एंड फुटबॉल क्लब की जर्सी और स्कार्फ भी भेंट किया. वे इस चैंपियनशिप क्लब के प्रायोजक हैं. जब राजा ने टीम के प्रदर्शन के बारे में पूछा, तो भाइयों ने मजाक में कहा कि इस विषय पर बात न करना ही बेहतर होगा.
प्रेस्टन के पहले दौरे पर पहुंचे किंग चार्ल्स
राजा बनने के बाद यह किंग चार्ल्स का प्रेस्टन का पहला दौरा था. लैंकेस्टर के ड्यूक का पद भी संभालने वाले चार्ल्स के स्वागत के लिए शहर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. अपने दौरे के दौरान उन्होंने हैरिस म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी का भी भ्रमण किया. यह संग्रहालय 1.9 करोड़ पाउंड की लागत से चार साल तक चले नवीनीकरण के बाद सितंबर 2025 में दोबारा खोला गया था. इसके अलावा उन्होंने सैमल्सबरी स्थित नए नेशनल साइबर फोर्स मुख्यालय का भी दौरा किया.