IPL 2026

लेबनान में लाइव रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार के सिर के ऊपर से गुजरी मौत, देखें खौफनाक वीडियो

लेबनान में लाइव रिपोर्टिंग के दौरान एक पत्रकार इजरायली हमले से बाल-बाल बच गया. आग बरसाती हुई मिसाइल उसके सिर के ऊपर से होकर गुजर गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

@RT_com
Sagar Bhardwaj

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने युद्ध क्षेत्र में काम कर रहे पत्रकारों की सुरक्षा पर नई बहस छेड़ दी है. लेबनाना में लाइव रिपोर्टिंग कर रहे एक पत्रकार उस समय खतरे में आ गए, जब अचानक हवाई हमला हुआ. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. राहत की बात यह रही कि पत्रकार समय रहते वहां से हट गए और उनकी जान बच गई, लेकिन घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

लाइव रिपोर्टिंग के दौरान हमला

जानकारी के मुताबिक, ब्रिटिश पत्रकार स्टीव स्वीनी (Steve Sweeney) कैमरे के सामने खड़े होकर हालात की जानकारी दे रहे थे. उसी दौरान अचानक आसमान से मिसाइल गिरने लगी. उन्होंने जैसे ही खतरे को महसूस किया, वह तुरंत वहां से हट गए. कुछ ही सेकंड की देरी उन पर भारी भारी पड़ सकती थी और उनकी जान भी जा सकती थी.

खौफनाक वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि पत्रकार ‘प्रेस’ की जैकेट पहने हुए थे, इसके बावजूद उन पर हमला हुआ. रिपोर्टिंग टीम ने दावा किया है कि यह हमला जानबूझकर किया गया. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इससे पत्रकारों की सुरक्षा पर बहस तेज हो गई है.

हमले के बाद भी हौसला कायम

हमले में पत्रकार और उनके कैमरामैन को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज कराया जा रहा है. घटना के बाद भी उन्होंने सुरक्षित स्थान से वीडियो जारी कर बताया कि वे ठीक हैं. टीम के सदस्यों ने कहा कि यह अनुभव डराने वाला था, लेकिन वे अपना काम जारी रखेंगे और सच्चाई सामने लाते रहेंगे.

क्षेत्र में बढ़ता तनाव

इस बीच इजरायल डिफेंस फोर्स ने दक्षिणी लेबनान में हमले तेज कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर की जा रही है. क्षेत्र में लगातार बढ़ते हमलों के कारण तनाव चरम पर पहुंच गया है, जिससे हालात और जटिल होते जा रहे हैं.