भारत से संबंध सुधारे और माफी मांगे मालदीव सरकार, जयशंकर की यात्रा पर और क्या बोला विपक्ष?

India Maldives Ties: मालदीव की मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता अब्दुल्ला शाहिद ने मुइज्जू सरकार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और झूठ स्वीकार करने की मांग की है. इसके अलावा उन्होंने भारत के साथ संबंधों में बदलाव की तारीफ भी की है. उनका कहना है कि संकट के समय भारत आज भी मालदीव का सबसे विश्वसनीय साझेदार है.

Social Media
India Daily Live

India Maldives Ties: मालदीव की मुख्य विपक्षी पार्टी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के नेतृत्व वाली सरकार का भारत के प्रति संबंधों में बदलाव का स्वागत किया है. पार्टी ने कहा कि भारत आज भी मालदीव के संकट के समय सबसे विश्वसनीय साझेदार बना हुआ है. 

MDP प्रमुख और पूर्व में विदेश मंत्री रह चुके अब्दुल्ला शाहिद  ने  मुइज्जू प्रशासन से अपने अधिकारियों के कार्यों, झूठ और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है. उन्होंने कहा कि उनकी वजह से मालदीव के विदेशी और आर्थिक परिदृश्य को काफी नुकसान पहुंचा है.

 

मालदीव को उठाना पड़ा नुकसान

तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात के बाद शाहिद ने एक्स पर लिखा कि मालदीव को हमेशा से विश्वास रहा है कि जब भी मालदीव कोई अंतर्राष्ट्रीय कॉल करेगा तब भारत सबसे पहले प्रतिक्रिया देगा. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा आक्रामक नारों, उपहास के जरिए भारत विरोधी भड़काई गई. इस कारण मालदीव की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा में गिरावट आई है साथ ही उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. शाहिद ने आगे कहा कि इस बात को ध्यान में रखते हुए एमडीपी राष्ट्रपति मुइज्जू सरकार की मालदीव-भारत नीति में अचानक किए गए बदलाव का स्वागत करती है.  गौरतलब है कि मुइज्जू सरकार इंडिया आउट कैंपेन चलाकर सत्ता में आई थी. 


भारत-मालदीव संबंध

राष्ट्रपति मुइज्जू जो चीन समर्थक रुख के लिए जाने जाते हैं, ने मालदीव से भारतीय सैन्य कर्मियों को वापस बुलाने की मांग की थी. जिसके कारण दोनों देशों के बीच तनाव पैदा हो गया था.  दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद भारतीय सैन्य कर्मियों की जगह नागरिकों को तैनात किया गया.  शनिवार को मुइज्जू ने भारत को मालदीव के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार को उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया.