'ये फेक न्यूज है...', मौत की अफवाहों के बीच सामने आया PM नेतन्याहू का नया वीडियो; खुले स्थान पर लोगों से बातचीत करते दिखे
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत की अफवाहों के बीच एक नया वीडियो साझा किया गया है. इसमें वे लोगों से बातचीत करते दिखे. इजरायली अधिकारियों ने AI और ‘छह उंगलियों’ से जुड़े दावों को फर्जी बताया.
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर फैल रही मौत की अफवाहों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का सोमवार को एक नया वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में वह एक खुले स्थान पर लोगों से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया था कि नेतन्याहू का एक प्रेस कॉन्फ्रेंस वीडियो AI से तैयार किया गया है. कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि वीडियो में उनके दाहिने हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं, जो कथित तौर पर AI जनरेटेड वीडियो में होने वाली सामान्य गड़बड़ी है.
'मौत की खबरें झूठी है'
यह दावा खासतौर पर उस पल को लेकर किया गया जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान करीब 0:35 सेकंड पर नेतन्याहू हाथ उठाते हैं. कुछ यूजर्स ने छोटी उंगली के पास दिख रहे अतिरिक्त हिस्से को AI की 'फिंगर ग्लिच' करार दिया.
इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि नेतन्याहू के बारे में फैल रही मौत की खबरें पूरी तरह झूठी हैं.
इजरायली राजदूत ने अफवाहों को किया खारिज
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि ये फेक न्यूज हैं. प्रधानमंत्री बिल्कुल ठीक हैं. भारत में इजरायल के राजदूत रेउवेन अजार ने भी इन अफवाहों को खारिज किया. दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नेतन्याहू पूरी तरह स्वस्थ हैं और कैफे वाला वीडियो AI से बना हुआ नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू जीवित हैं. मैं उन्हें इजरायल में कई बार मिल चुका हूं. कैफे का वीडियो AI से तैयार नहीं है. बहुत ज्यादा दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है
मिडिल ईस्ट में तनाव
यह अफवाहें ऐसे समय में सामने आई जब 28 फरवरी से मध्य पूर्व में तनाव बढ़ा हुआ है. उस दिन इजरायल और अमेरिका ने ईरान में कुछ ठिकानों पर संयुक्त हमले किए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गई.
सैन्य अभियानों पर बड़ा संदेश
इससे पहले नेतन्याहू ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी बात की थी. उन्होंने कहा था कि सरकार, सेना और मोसाद पूरी ताकत से काम कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने गुप्त अभियानों का ब्यौरा नहीं दिया, लेकिन ईरान और लेबनान में जारी गतिविधियों का जिक्र जरूर किया. उन्होंने जनता से सुरक्षित क्षेत्रों में रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि इजरायल अपने दुश्मनों के खिलाफ डटा हुआ है.
और पढ़ें
- पति, बच्चे की मौत, इजरायल के हमले में तबाह हुआ लेबनान की इन्फ्लुएंसर का परिवार; खुद भी लड़ रही जिंदगी की जंग
- तीन दिन में युद्ध खत्म करने का दावा फेल! तीसरे हफ्ता भी जंग के मैदान में खड़ा ईरान
- करीबी दोस्तों ने भी नहीं दिया ट्रंप का साथ, होर्मुज संकट में सहयोगियों ने खींचे हाथ; सुरक्षा के नाम पर अमेरिका अकेला