Israel Hamas War: सीजफायर के बाद भी IDF के जारी रहेंगे हमले, हमास ने छोड़े 25 बंधक तो इजरायल ने रिहा किये 39 फिलिस्तीन कैदी

Israel Hamas War: इजरायली रक्षा मंत्री यौव गैलेंट ने कहा है कि सीजफायर कम समय के लिए हुआ है. इसका कतई अर्थ यह है नहीं है कि हम रुक जाएंगे. हम हमास के खात्मे तक पूरी ताकत से हमला करते रहेंगे.

Shubhank Agnihotri

Israel Hamas War: इजरायल और हमास जंग का आज 50वां दिन है. इस बीच इजरायली रक्षा मंत्री यौव गैलेंट ने कहा है कि सीजफायर कम समय के लिए हुआ है. इसका कतई अर्थ यह है नहीं है कि हम रुक जाएंगे. इजरायली राजधानी पहुंचे इटली के रक्षामंत्री से उन्होंने कहा कि 4 दिन बाद हम पूरी ताकत से हमला करेंगे. हमास के खात्मे तक हमारे यह हमले जारी रहेंगे. इजरायल की वॉर कैबिनेट के मंत्री बेनी गैंट्स भी यही बात दोहरा चुके हैं. आपको बता दें कि 24 नवंबर को चार दिनों के लिए सीजफायर हुआ है. हजारों लोगों की मौत के बाद इजरायल की ओर से हमले बंद कर दिये गए. इस डील में देर रात हमास ने 25 बंधकों को छोड़ दिया जबकि बदले में इजरायल ने भी 39 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया है.


रिहा बंधकों में 12 नागरिक थाई

जंग के 49वें दिन हमास ने बंधक बनाए गए थाईलैंड के 12 नागरिकों को भी छोड़ा है. थाईलैंड के पीएम ने इस बारे में जानकारी दी. उन्होंने एक्स पर लिखा कि हमारे एंबेसी के अधिकारी उन्हें लेने जा रहे हैं. थाई सरकार के मुताबिक, हमास ने उसके 26 नागरिकों को बंधक बनाया था. हमास ने 13 इजरायल के बंधक बनाए लोगों को भी छोड़ा. इजरायल ने बंधकों को वापस लाए जाने वाले इस ऑपरेशन को 'हैवन्स डोर' नाम दिया है.

कई देशों के नागरिक हैं बंधक

रिपोर्ट के मुताबिक, हमास के कब्जे में 250 बंधक हैं. इनमें कई देशों के नागरिक भी शामिल हैं. एक अमेरिकी सांसद ने कहा कि हमास की कैद में 10 अमेरिकी नागरिक शामिल हैं. सीजफायर के शुरू होने के बाद हमास के कहने पर उत्तरी गाजा में लोगों की वापसी शुरू हो गई है. इजराइली सेना एक बार फिर आसमान से पर्चे गिरा रही है और लोगों को वापस आने से रोक रही है. इजरायली सेना ने उत्तरी गाजा में रह रहे लोगों को दक्षिण की ओर जाने को कहा था ताकि इजरायली सेना के हमले में उनकी मौत न हो.

मदद लेकर पहुंचे 150 ट्रक 


सीजफायर के पहले दिन 150 ट्रक जरूरत का सामान लेकर गाजा पहुंचे हैं. इनमें एक फ्यूल ट्रक भी शामिल था. जंग के पहले गाजा में 500 ट्रक पहुंचते थे. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इन चारों दिन में इजरायल और हमास की तरफ से हमले नहीं किये जाएंगे. हर दिन ईंधन से भरे चार ट्रक और जरूरत का सामान लेकर 100 से ट्रक गाजा में प्रवेश करेंगे.
 

 

यह भी पढ़ेंः गाजा युद्धविराम: हमास ने थाईलैंड के मजदूरों समेत 25 बंधकों को किया रिहा