मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बंजामिन नेतन्याहू ने साफ कर दिया है कि अभी ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध को खत्म नहीं किया जाएगा. उन्होंने इसके लिए कई महत्वपूर्ण देशों के साथ नए गठबंधन बनाने की बात कही है. हालांकि अभी नाम का ऐलान नहीं किया गया है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेवर बदले-बदले नजर आ रहे हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि जल्द ही ईरान में चल रहे सैन्य अभियान को खत्म किया जाएगा. वहीं नेतन्याहू का कहना है कि अमेरिका के साथ मिलकर किए गए संयुक्त अभियानों ने ईरानी शासन की जड़ों को हिला दिया है. देर-सवेर यह ढह जाएगा.
नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल क्षेत्रीय स्तर पर नए गठबंधन बना रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस क्षेत्र के महत्वपूर्ण देशों के साथ बने इन नए गठबंधनों के बारे में अधिक जानकारी साझा की जाएगी. वहीं उन्होंने ईरानी शासन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अयातुल्ला शासन ने इजरायल को मिटाने के लिए पिछले वर्षों में लगभग एक ट्रिलियन डॉलर खर्च किए है, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और यह सारा पैसा बर्बाद हो गया.
नेतन्याहू के इस बयान से इजरायल और अरब देशों के बीच सुरक्षा सहयोग बढ़ने के मजबूत संकेत मिल रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह नई रणनीति ईरान के प्रभाव को कम करने और क्षेत्र में स्थिरता लाने की व्यापक योजना का हिस्सा हो सकती है.
जंग के कारण महंगाई तेजी से बढ़ रही है. अमेरिका में भी तेल के दाम बढ़ गए हैं. तेल के बढ़ते दामों पर जब सवाल किया गया तो राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें बस ईरान से निकलना है और यह बहुत जल्दी हो सकता है. उन्होंने कहा कि इस काम को पूरा करने में दो सप्ताह का समय लग सकता है. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि इस युद्ध का खत्म करने के लिए ईरान पर किसी भी डील की निर्भरता नहीं है.
ट्रंप इस दौरान अपने सहयोगी देशों से नाखुश भी नजर आएं, जिन्होंनें इस संघर्ष में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई. एक ओर जहां नेतन्याहू इस युद्ध को बढ़ाने के लिए एक नए गठबंधन के संकेत दे रहे हैं, वहीं ट्रंप इस युद्ध को खत्म करने की बात कह रहे हैं. ऐसे में यह स्पष्ठ नहीं है कि यह संघर्ष अभी और कितने दिनों तक चलने वाला है.