नई दिल्ली: एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को ग्लोबल आउटेज का सामना करना पड़ा. दुनिया भर में हजारों यूजर्स ने ऐप और वेबसाइट को एक्सेस करने में आ रही दिक्कतों की शिकायत की. मॉनिटरिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, यूजर्स ने सुबह करीब 2:03 बजे से शिकायत करना शुरू की. शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़कर 25,500 से ज्यादा हो गई.
कई यूजर्स ने बताया कि वो एक्स की फीड को लोड नहीं कर पा रहे थे. वहीं, टाइमलाइन रिफ्रेश नहीं हो रही थी और कई लोगों को एरर मैसेज भी दिखाई दे रहे थे. कुछ यूजर्स तो ऐप या डेस्कटॉप वर्शन का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे. बता दें कि पहला आउटेज लगभग डेढ़ घंटे तक चला. यह समस्या सुबह लगभग 3:34 बजे ठीक शुरू हुई. कुछ देर बाद एक्स ने सही काम करना शुरू कर दिया था.
पहले आउटेज के कुछ ही घंटों बाद सुबह लगभग 6 बजे, एक्स फिर से क्रैश हो गया. इस बार, Downdetector ने कुछ ही देर में 11,600 से ज्यादा शिकायतों को रिकॉर्ड किया. यह आउटेज जल्दी ठीक हो गई. सुबह 7 बजे तक, ज्यादातर यूजर्स ने बताया कि X फिर से ठीक से काम कर रहा है. अभी तक, X ने इन आउटेज के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. कंपनी ने यह नहीं बताया है कि यह कोई तकनीकी समस्या थी, सर्वर की दिक्कत थी, या कुछ और.
बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए इस तरह के आउटेज कोई नई बात नहीं हैं. एक छोटी सी तकनीकी गड़बड़ी भी एक ही समय में लाखों यूजर्स को प्रभावित कर सकती है. X के दुनिया भर में लाखों एक्टिव यूजर्स हैं, इसलिए कोई भी रुकावट तुरंत नजर में आ जाती है.
कई यूजर्स ने आउटेज के बारे में शिकायत करने के लिए दूसरे प्लेटफॉर्म का सहारा लिया. कुछ ने एक्स का मजाक बनाया तो कुछ ने काम न कर पाने को लेकर निराशा जाहिर की. देखा जाए तो यह पहली बार नहीं है, जब एक्स पर आउटेज की समस्या आई हो. पिछले एक साल में प्लेटफॉर्म को कई बार आउटेज का सामना करना पड़ा है.