Israel Hamas War: युद्धविराम का पांचवां दिन, 12 बंधकों के बदले 30 फिलिस्तीनी कैदी हुए रिहा 

Israel Hamas War: हमास के लड़ाकों ने सात अक्टूबर को इजरायल पर हमले के दौरान 240 लोगों को बंधक बना लिया था. अब समझौते के तहत उनकी धीरे-धीरे रिहाई हो रही है.

Shubhank Agnihotri

Israel Hamas War: इजरायल और हमास के बीच छह दिनों के संघर्षविराम के पांचवें दिन हमास ने 12 बंधकों को रिहा किया है वहीं इजरायल ने अपनी जेलों में बंद 30 फिलिस्तीनी कैदियों को भी छोड़ा है. अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति ने कहा है कि गाजा से 12 बंधकों की रिहाई हुई है. इनमें इजरायल के 10 जबकि दो विदेशी नागरिक हैं. 

दो दिन और आगे बढ़ा युद्धविराम 

आपको बता दें कि हमास के लड़ाकों ने सात अक्टूबर को इजरायल पर हमले के दौरान लगभग 240 लोगों को बंधक बना लिया था. इस हमले में 1200 लोगों की जान गई थी. इसके बाद गाजा पर इजरायल की जवाबी कार्रवाई में 15000 से अधिक लोगों की मौत हुई. कतर की मध्यस्थता से दोनों पक्षों में चार दिनों का युद्धविराम समझौता हुआ. यह सोमवार को खत्म होने वाला था जिसे दो दिन और आगे बढ़ा दिया गया था. 

अन्य देशों के नागरिक भी हैं बंधक

हमास ने जिन लोगों को बंधक बनाया है. उनमें सिर्फ इजरायल के ही नहीं बल्कि अन्य देशों के भी नागरिक शामिल हैं. इनमें से अधिकांश लोगों को सात अक्टूबर के म्यूजिक फेस्टिवल से बंधक बनाया गया था. रिपोर्ट के अनुसार, हमास की कैद में अमेरिका, थाईलैंड, जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस, नीदरलैंड जैसे देशों के नागरिक भी शामिल हैं.