'थप्पड़' के बाद एक बार फिर दमदार अंदाज में लौटीं तापसी पन्नू, 'अस्सी' का ट्रेलर देख कांप उठेगी रुह
'मुल्क' और 'थप्पड़' जैसी दमदार फिल्मों के बाद अब फिर बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने कमबैक किया है. उनकी नई फिल्म 'अस्सी' का ट्रेलर आउट हो गया है.
मुंबई: तापसी पन्नू और निर्देशक अनुभव सिन्हा की जोड़ी एक बार फिर सोशल मैसेज वाली दमदार फिल्म लेकर आई है. 'मुल्क' और 'थप्पड़' जैसी फिल्मों के बाद अब उनकी नई फिल्म 'अस्सी' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. यह ट्रेलर काफी इंटेंस है, जो बलात्कार जैसे गंभीर मुद्दे पर सवाल उठाता है. फिल्म 20 फरवरी 2026 को थिएटर्स में रिलीज होगी.
'अस्सी' का ट्रेलर देख कांप उठेगी रुह
ट्रेलर करीब 2 मिनट 52 सेकंड का है. शुरुआत कोर्टरूम से होती है, जहां तापसी पन्नू एक मजबूत वकील के रूप में नजर आती हैं. वे कहती हैं कि एक दिन में देशभर में 80 रेप की शिकायतें आईं, लेकिन उनमें से 76 का ट्रायल भी शुरू नहीं हुआ. ट्रेलर में एक महिला को कार से अगवा किया जाता है, उसके साथ गैंगरेप होता है और फिर उसे रेलवे ट्रैक के पास छोड़ दिया जाता है. इसके बाद पुलिस जांच, कोर्ट केस और न्याय की लड़ाई दिखाई गई है.
फिल्म एक इन्वेस्टिगेटिव कोर्टरूम ड्रामा है, जो असल जिंदगी की घटनाओं से प्रेरित है. यह सिर्फ क्राइम की कहानी नहीं, बल्कि सिस्टम की खामियों, समाज की चुप्पी और न्याय की मुश्किलों पर बात करती है. तापसी पन्नू ने वकील का रोल निभाया है, जो पीड़िता के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ती हैं. कानी कुसृति ने रेप सर्वाइवर का किरदार प्ले किया है, जो फिल्म का इमोशनल कोर है.
ट्रेलर में नजर आई मजबूत कास्ट
कास्ट में और भी बड़े नाम हैं. जीशान अय्यूब, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, रेवती मुख्य भूमिकाओं में हैं. स्पेशल अपीयरेंस में नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा नजर आएंगे. अनुभव सिन्हा ने फिर एक ऐसी कहानी चुनी है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी. ट्रेलर से लगता है कि यह फिल्म 'पिंक’ और 'मुल्क' जैसी हार्ड-हिटिंग एनर्जी लेकर आ रही है.
20 फरवरी को थिएटर्स में धमाल मचाएगी फिल्म
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तारीफों की बौछार हो गई है. लोग तापसी की परफॉर्मेंस और अनुभव सिन्हा की कहानी कहने के तरीके की तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स कह रहे हैं कि यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए, क्योंकि यह समाज के असली मुद्दों को उठाती है. 'अस्सी' को टी-सीरीज और बेनारस मीडिया वर्क्स ने प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म उन लोगों के लिए है जो स्टोरी-ड्रिवन और मैसेज वाली फिल्में पसंद करते हैं. ट्रेलर देखकर साफ है कि 20 फरवरी को थिएटर्स में यह फिल्म धमाल मचाएगी. तापसी पन्नू का यह रोल उनके करियर का एक और मजबूत कदम साबित हो सकता है.