खत्म होगी इजरायल और हमास की जंग! पक्की हुई सीजफायर डील, बंधक होंगे मुक्त
Israel Hamas Ceasefire: इजराइल और हमास ने 15 महीने के गाजा युद्ध को खत्म करने के लिए संघर्ष विराम समझौता किया है, जो 19 जनवरी 2025 से लागू होगा. इसमें हमास 33 इजराइली बंधकों को रिहा करेगा, जबकि इजराइल फिलिस्तीनी महिलाओं और 19 साल से कम उम्र के बच्चों को छोड़ेगा. यह समझौता कतर और अमेरिका की मध्यस्थता से हुआ.
Israel Hamas Ceasefire: गाजा में 15 महीने से जारी युद्ध को खत्म करने की दिशा में, इजराइल सरकार ने शनिवार को हमास के साथ संघर्ष विराम समझौते को मंजूरी दी. यह समझौता रविवार, 19 जनवरी 2025 से लागू होगा और इसमें बंधकों की अदला-बदली भी शामिल है.
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कैबिनेट ने छह घंटे की चर्चा के बाद इस समझौते को हरी झंडी दी. यह 6 हफ्ते के संघर्ष विराम का प्रावधान है और तीन स्टेप्स में बंधकों और कैदियों को रिहा करने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि, कुछ कट्टरपंथी मंत्रियों ने इसका विरोध किया, लेकिन कैबिनेट के 24 सदस्यों ने इसका समर्थन किया.
संघर्ष विराम की जरूरी बातें:
हमास 33 इजराइली बंधकों को रिहा करेगा, जिनमें महिलाएं, बच्चे और 50 वर्ष से ज्यादा उम्र के पुरुष शामिल हैं. इसके बदले, इजराइल सभी फिलिस्तीनी महिलाओं और 19 साल से कम उम्र के बच्चों को अपनी जेलों से रिहा करेगा.
Also Read
इस युद्ध में गाजा का बड़ा हिस्सा बर्बाद हो चुका है. अब तक 46,000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं. ईरान, हिजबुल्लाह और यमन-इराक जैसे ग्रुप भी इस संघर्ष में शामिल हो चुके हैं.
नेतन्याहू के आरोप, हमास ने किए खारिज:
हमास और इजराइल के बीच इस समझौते को बुधवार को कतर और अमेरिका ने मध्यस्थता करके करवाया. हालांकि, अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इसे लेकर हमास पर जटिलताओं का आरोप लगाया, जिसे हमास ने खारिज किया.
बता दें कि यह युद्ध 7 अक्टूबर 2023 को शुरू हुआ, जब हमास ने इजराइल पर हमला किया, जिसमें 1,200 लोग मारे गए और 250 से ज्यादा बंधक बनाए गए. गाजा में अब भी लगभग 100 बंधक मौजूद हैं. यह संघर्ष विराम हिंसा कम करने की उम्मीद जगा रहा है.