ट्रंप की बेटी इवांका की होगी हत्या! मोहम्मद अल-सादी ने खाई कसम; सामने आई 6 साल पुरानी रंजिश
RGC-समर्थित इराकी मिलिशिया कमांडर मोहम्मद अल-सादी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या करने की धमकी दी है. उन्होंने कहा कि यह धमकी 2020 में अमेरिका द्वारा किए गए उस हमले का बदला है, जिसमें कासिम सुलेमानी मारे गए थे.
नई दिल्ली: RGC-समर्थित इराकी मिलिशिया कमांडर मोहम्मद अल-सादी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या करने की धमकी दी है. उन्होंने कहा कि यह धमकी 2020 में अमेरिका द्वारा किए गए उस हमले का बदला है, जिसमें कासिम सुलेमानी मारे गए थे.
कासिम सुलेमानी की मौत कैसे हुई थी?
3 जनवरी 2020 को इराक की राजधानी बगदाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास अमेरिका ने एक बड़ा सैन्य हमला किया था, जिसमें ईरान के प्रमुख सैन्य अधिकारी जनरल कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी. यह कार्रवाई तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर की गई थी.
अमेरिकी सेना ने बिना चालक वाले युद्धक विमान की मदद से यह हमला किया. बताया गया कि जब कासिम सुलेमानी सीरिया और लेबनान की यात्रा के बाद बगदाद पहुंचे और अपने काफिले के साथ हवाई अड्डे से बाहर निकले, तभी उनके वाहनों को निशाना बनाकर कई मिसाइलें दागी गईं.
US हमले में 7 लोगों की हुई थी मौत
इस हमले में सुलेमानी के साथ इराक के शिया संगठन के प्रमुख अबू महदी अल-मुहंदिस समेत कुल सात लोगों की जान चली गई थी. हमला इतना तेज था कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई.
अमेरिका ने इस कार्रवाई को अपनी सुरक्षा से जुड़ा कदम बताया था. अमेरिकी रक्षा विभाग का कहना था कि कासिम सुलेमानी पश्चिम एशिया में अमेरिकी अधिकारियों और सैनिकों पर हमलों की योजना बना रहे थे और कई अमेरिकी नागरिकों की मौत के लिए जिम्मेदार थे.
इस घटना के बाद ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बेहद बढ़ गया था. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने बदला लेने की घोषणा की थी. इसके बाद इराक में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान की ओर से जवाबी मिसाइल हमले भी किए गए थे.