Iran News: जंग के बीच सऊदी अरब के दौरे पर जाएंगे ईरानी राष्ट्रपति रायसी, रियाद में होने वाले OIC समिट में लेंगे भाग

Iran President Saudi Arab Visit: ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद रायसी लगभग एक दशक के बाद सऊदी अरब की यात्रा पर जाएंगे.

Shubhank Agnihotri

Iran President Saudi Arab Visit: ईरान और सऊदी अरब के बीच जारी लंबे समय से टकराव चल रहा है. दोनों देश लंबे समय से एक-दूसरे के कट्टर प्रतिद्वंदी रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 11 साल बाद ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी सऊदी अरब के दौरे पर जाएंगे. रायसी अगले रविवार को रियाद में होंगे. इस दौरान वे इजरायल-हमास युद्ध से जुड़े शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे.

संबंधों को सामान्य करने पर सहमत

समाचार एजेंसी एएफपी ने इस बारे में जानकारी दी है. इससे पहले 11 अक्टूबर को ईरानी राष्ट्रपति और सऊदी क्राउन प्रिंस सलमान ने इजरायल और हमास जंग पर चर्चा की थी. आपको बता दें कि ईरान और सऊदी लंबे
समय से क्षेत्रीय प्रभुत्व को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. रायसी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देश लंबे समय के बाद रिश्तों को सामान्य करने पर सहमत हुए हैं. दोनों के बीच मध्यस्थता का प्रमुख सूत्रधार चीन रहा है. चीन ने शिया बहुल ईरान और सुन्नी बहुल सऊदी अरब के बीच सुलह कराने में अहम भूमिका निभाई है.

ओआईसी समिट में लेंगे भाग

इससे पहले वर्ष 2012 में ईरान के तत्कालीन राष्ट्रपति अहमदी नेज्जाद ने सऊदी अरब का दौरा किया था. ईरानी समाचार वेबसाइट ने कहा कि राष्ट्रपति रायसी रियाद में होने वाले इस्लामिक सहयोग संगठन ( OIC) की बैठक में भाग लेने जाएंगे. वे यहां फिलिस्तीन के मसले पर भी चर्चा करेंगे. इस संगठन का हेडक्वार्टर सऊदी के जेद्दा शहर में है और इसमें 57 देश शामिल है.

 

गाजा के लोगों के लिए उठा रहा आवाज


इस्लामिक सहयोग संगठन कई बार गाजा में हो रहे हमलों के खिलाफ आवाज उठा चुका है. हमास के सात अक्टूबर को इजरायल पर हमले के बाद इजरायल जवाबी कार्रवाई कर रहा है. हमास के हमलो में 1400 इजरायली नागरिकों की मौत हो गई थी. इसके बाद से इजरायली सेना गाजा पट्टी में घुसकर हमास के ठिकानों को नष्ट कर रही है.

 

यह भी पढ़ेंः Somalia and Kenya Flood: केन्या और सोमालिया में बाढ़ से भारी तबाही, अब तक 40 लोगों की मौत