US Israel Iran War IPL 2026

ईद पर युद्ध की आग में झुलसा यरुशलम, अल-अक्सा मस्जिद के पास गिरी ईरानी मिसाइलें

ईद-उल-फितर के पवित्र अवसर पर ईरानी मिसाइल ने यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद से कुछ ही सौ मीटर दूर हमला किया. इस हमले ने तीनों अब्राहमिक धर्मों के पवित्र स्थलों को अपनी चपेट में ले लिया.

X/@IDF
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: ईद-उल-फितर का पवित्र दिन जहां दुनियाभर के मुसलमान खुशियां मना रहे थे, वहीं यरुशलम में एक बड़ा हादसा टल गया. ईरान ने इस दिन यरुशलम पर मिसाइल हमला किया, जो अल-अक्सा मस्जिद से कुछ ही सौ मीटर की दूरी पर जा गिरी. यह स्थल मुसलमानों के साथ-साथ ईसाइयों और यहूदियों के लिए भी अत्यधिक पवित्र माना जाता है. इजरायल ने इस हमले की पुष्टि की है और ईरान की कड़ी निंदा की है.

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान ने ईद-उल-फितर के दिन यरुशलम पर मिसाइल दागी. यह मिसाइल अल-अक्सा मस्जिद से कुछ ही सौ मीटर दूर जा गिरी. यह क्षेत्र मुसलमानों, ईसाइयों और यहूदियों के लिए दुनिया के सबसे पवित्र स्थलों में शुमार है. इजरायल ने इसे ईरान के मुल्ला शासन का असली चेहरा बताते हुए उसकी कड़ी आलोचना की है.

पवित्र स्थलों पर बरसे मिसाइल के टुकड़े

इससे पहले 16 मार्च को भी ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों के टुकड़े और इजरायली रक्षा प्रणाली के मलबे यरुशलम की पुरानी दीवारों वाले क्षेत्र में गिरे थे. यह क्षेत्र ईसाइयों, मुसलमानों और यहूदियों के सबसे पवित्र स्थलों के आसपास है. इजरायली पुलिस ने बताया कि इन हमलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पवित्र स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

चर्च ऑफ द होली सेपुलचर के पास गिरा मिसाइल का हिस्सा

पुलिस द्वारा जारी तस्वीरों में तीन अधिकारी एक लाल टाइल वाली छत से धातु का बड़ा गोलाकार हिस्सा उठाते हुए दिखे. यह स्थान चर्च ऑफ द होली सेपुलचर के बिल्कुल करीब है, जहां ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाया गया था और उनका दफन स्थल माना जाता है. यह चर्च दुनियाभर के ईसाइयों के लिए सबसे बड़ी तीर्थस्थली है.

अल-अक्सा परिसर में मिले मिसाइल के छोटे-छोटे टुकड़े

एक अन्य तस्वीर में अल-अक्सा परिसर के प्रांगण में पुलिस की घेराबंदी दिखाई दी. इसी परिसर में सुनहरे गुंबद वाला डोम ऑफ द रॉक भी स्थित है. यहां जमीन पर मिसाइल के छोटे-छोटे टुकड़े बिखरे हुए थे. यह स्थान मुसलमानों के लिए तीसरा सबसे पवित्र स्थल है, जबकि यहूदी इसे टेंपल माउंट कहते हैं और अपना सबसे पवित्र स्थान मानते हैं.

तनाव के बीच सुरक्षा के बढ़ाए गए इंतजाम

इजरायल ने इन हमलों के बाद यरुशलम के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है. हालांकि अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन ईद के पवित्र दिन पर इस हमले ने पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है. इजरायल सरकार ने ईरान पर अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करने और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है.