ईरान की ओर ले जाया गया जहाज, ओमान तट पर भारतीय जहाज पर हमला, सभी 14 भारतीय क्रू सुरक्षित
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच यूएई के पास एक जहाज जब्त कर ईरान ले जाया गया. वहीं ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज पर हमला हुआ और वह डूब गया. सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर्स सुरक्षित बचा लिए गए.
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच बड़ी खबर आई है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के पूर्वी तट के पास से एक जहाज को जब्त कर लिया गया है. जहाज को ईरान की ओर ले जाया गया है. इस बीच ओमान तट के पास भारत के ध्वज वाले एक जहाज पर हमले के बाद डूबने की भी खबर मिली है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय मालवाहक जहाज पर हमला हुआ, और आग लगने के बाद जहाज डूब गया. हालांकि जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर्स को ओमान तटरक्षक दल ने सुरक्षित बचा लिया. यह जहाज सोमालिया से यूएई की ओर जा रहा था.
यूकेटीएमओ ने की है जब्तीकरण की पुष्टि
ब्रिटिश सैन्य संगठन यूनाइटेड किंगडम मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने यूएई के पूर्वी तट के पास से एक जहाज के जब्तीकरण की पुष्टि की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाज पर अज्ञात लोगों ने कब्जा कर लिया और फिर जबरन उसे ईरान की ओर ले गए. इस घटना के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में तनाब और बढ़ गया है, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं. हालांकि इस जहाज का नाम नहीं बताया गया है.
यूकेएमटीओ के मुताबिक यह जहाज फुजैरा बंदरगाह के उत्तर-पूर्व में करीब 38 समुद्री मील की दूरी पर लंगर डाले हुए था, इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उस पर कब्जा कर लिया. शुरूआती जांच के मुताबिक जहाज को ईरानी जलक्षेत्र की ओर ले जाया गया है. मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने दी सख्त प्रतिक्रिया
भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हमले के बाद विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जहाजों पर इस तरह हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है. अधिकारियों के मुताबिक जहाज में सवार सभी नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं. उन्हें चिकित्सा सहायत उपलब्ध कराई गई है. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा और आवाजाही प्रभावित होने से दुनिया के तमाम देशों की तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है.