'खामेनेई घायल हैं और उनका चेहरा बिगड़ गया है', ईरान के नए सर्वोच्च नेता को लेकर US के दावों से बढ़ी हलचल
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोज्तबा खामेनेई हमलों में घायल होकर छिप गए हैं. उनके नेतृत्व की वैधता और शारीरिक स्थिति पर अब गंभीर वैश्विक सवाल उठ रहे हैं.
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को खुलासा किया कि ईरान के नवनियुक्त सर्वोच्च नेता मोज्तबा खामेनेई अमेरिकी और इजरायली सैन्य हमलों में घायल हो गए हैं. हेगसेथ के अनुसार, मोज्तबा इस समय अपनी जान बचाने के लिए अज्ञात स्थान पर छिपे हुए हैं और ईरानी नेतृत्व पूरी तरह बिखर चुका है. इस सनसनीखेज दावे ने ईरान की सत्ता संरचना और मोज्तबा की भविष्य की स्वीकार्यता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं.
मोज्तबा खामेनेई दिवंगत नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे एक हालिया हवाई हमले के दौरान गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. कुछ अपुष्ट सूत्रों का दावा है कि वे कोमा में हैं और हमले में उन्होंने अपना एक पैर भी गंवा दिया है. रक्षा मंत्री हेगसेथ ने संकेत दिया कि मोज्तबा की शारीरिक स्थिति अत्यंत नाजुक है और वे अब सार्वजनिक रूप से सामने आने की स्थिति में नहीं रह गए हैं.
नेतृत्व में बढ़ता बिखराव
पीट हेगसेथ ने ईरान के नए नेतृत्व पर तंज कसते हुए मोज्तबा को 'तथाकथित सर्वोच्च नेता' करार दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि ईरान जैसे देश में, जहां तकनीक की कमी नहीं है, वहां केवल एक लिखित बयान क्यों जारी किया गया? इसमें न तो मोज्तबा की आवाज थी और न ही कोई वीडियो संदेश. हेगसेथ का मानना है कि यह चुप्पी उनकी शारीरिक अक्षमता और नेतृत्व में मची भारी खलबली का सबसे बड़ा प्रमाण है.
वैधता और सत्ता पर सवाल
अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि मोज्तबा के पास वह अधिकार नहीं है जो एक सर्वोच्च नेता में होना चाहिए. हेगसेथ ने कहा कि वे डरे हुए हैं और भाग रहे हैं, जिससे उनकी वैधता पर संकट है. मोज्तबा ने अपने पिता की मौत का बदला लेने की लिखित धमकी तो दी, लेकिन इसे व्यक्तिगत रूप से पेश न करना उनकी कमजोरी दर्शाता है. इससे ईरान के अंदर ही सत्ता के केंद्र को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है.
खामेनेई की मौत का असर
ईरान में इस संकट की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी, जब एक हवाई हमले में अली खामेनेई की मौत हो गई थी. उस हमले में कई शीर्ष सुरक्षा अधिकारी और उनके परिवार के सदस्य भी मारे गए थे. मोज्तबा को उनके पिता की जगह जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन पद संभालते ही उन पर हुए हमलों ने ईरान को नेतृत्व विहीन स्थिति में ला दिया है. अब यह स्पष्ट नहीं है कि वहां असल कमान किसके पास है.